कोरोना गाइडलाइंस में बदलाव, 12 चुनावी राज्यों में राजनैतिक रैलियों की अनुमति

0
549

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने कोरोना वायरस की गाइडलाइंस में गुरुवार को अहम बदलाव किया है। सरकार ने 12 चुनावी राज्यों में राजनीतिक रैलियों की तत्काल रूप से अनुमति दे दी है। इससे पहले गृह मंत्रालय ने 15 अक्टूबर के बाद से ही चुनावी राज्यों में रैलियों की अनुमति दी थी।

सरकार के इस ऐलान से आगामी बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी असर पड़ेगा, क्योंकि कोविड-19 की पुरानी गाइडलाइंस के तहत बड़ी सभाओं की अनुमति नहीं थी, जिसके कारण राजनीतिक दल चुनावी रैलियों और सभाओं को आयोजित नहीं कर सकते थे।

चुनाव आयोग ने पिछले दिनों कई राज्यों में चुनाव की घोषणा की थी। इन चुनावों में मुख्य रूप से विधानसभा चुनाव, कुछ सीटों पर उपचुनाव एवं एक सीट पर लोकसभा उपचुनाव शामिल है। बिहार में 28 अक्टूबर से तीन फेज में मतदान करवाए जाएंगे। इसके अलावा, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात, कर्नाटक, हरियाणा, झारखंड, छत्तीसगढ़, मणिपुर, नागालैंड और ओडिशा में विधानसभा के उपचुनाव होने हैं। चुनाव के नतीजों का ऐलान 10 नवंबर को होगा।