कोटा मंडल के ट्रैक पर 180Kmph की रफ्तार से दौड़ी वंदे भारत ट्रेन

0
7

रेल कोच फैक्ट्री कपूरथला द्वारा निर्मित वंदे भारत ट्रेनसेट का स्पीड ट्रायल सफल

कोटा। Vande Bharat train 180Kmph trial” कोटा-चौमहला–कोटा रेल खंड पर रेल कोच फैक्ट्री (आरसीएफ), कपूरथला द्वारा निर्मित पहली वंदे भारत ट्रेनसेट का स्पीड ट्रायल भारतीय रेलवे के अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (आरडीएसओ) के परीक्षण निदेशालय के निदेशक परीक्षण धीरेन्द्र कुलश्रेष्ठ की देखरेख में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि इस ट्रायल में वंदे भारत ट्रेन ने 180 किमी प्रति घंटे की अधिकतम गति सफलतापूर्वक प्राप्त की।

यह ट्रेनसेट अत्याधुनिक ट्रेन कंट्रोल एवं प्रोपल्शन प्रणाली से सुसज्जित है, जो एल्सटॉम ट्रांसपोर्ट इंडिया लिमिटेड द्वारा आपूर्ति की गई है। इससे पूर्व 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पर ट्रायल सफलतापूर्वक पूर्ण किए जा चुके हैं।

अब परीक्षण कार्यक्रम को 180 किमी प्रति घंटे तक विस्तारित किया गया है, जो इस स्वदेशी सेमी हाई-स्पीड ट्रेन की गति क्षमताओं को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

इस ट्रायल में ट्रैक्शन परफॉर्मेंस मूल्यांकन, ब्रेक प्रणाली सत्यापन एवं सिस्टम इंटीग्रेशन परीक्षण सम्मिलित थे, ताकि उच्च गति पर सुरक्षित एवं विश्वसनीय परिचालन सुनिश्चित किया जा सके।

ट्रायल के दौरान ट्रेन के चालक दल में लोको पायलट मनोज कुमार मीणा, सहायक लोको पायलट छीतर सिंह, मुख्य लोको निरीक्षक नेतराम मीणा एवं यातायात निरीक्षक सुशील जेठवानी शामिल रहे। इस परीक्षण में कोटा मंडल, पश्चिम मध्य रेलवे के परिचालन स्टाफ के साथ-साथ एल्सटॉम और वेबटेक की तकनीकी टीमों ने सक्रिय सहयोग दिया।