जयपुर के राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित एक्सपो अभूतपूर्व रहा
कोटा। जयपुर स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में राजस्थान उद्योग व्यापार महासंघ एवं टीपीएन सोल्यूशंस के संयुक्त तत्वावधान में 5 से 7 जून तक आयोजित तीन दिवसीय इंडियन फूड बिजनेस एक्सपो अभूतपूर्व सफल रहा।
इस आयोजन में होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान एवं कोटा व्यापार महासंघ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए हाड़ोती क्षेत्र की प्रसिद्ध कचौरी, नमकीन एवं यहां के पर्यटन स्थलों का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया।

होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष एवं कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने बताया कि एक्सपो में हाड़ोती की प्रसिद्ध कचौरी एवं नमकीन के सात से अधिक स्टॉल लगाए गए।
इन स्टॉलों का संचालन कोटा नमकीन व्यापार समिति के अध्यक्ष जगदीश गांधी एवं उनकी 25 सदस्यीय टीम द्वारा किया गया। स्टॉलों का उद्घाटन राज्य के उप मुख्यमंत्री डॉ प्रेमचन्द बेरवा द्वारा किया गया। इस अवसर पर विधायक बालमुकुंद आचार्य एवं गोपाल शर्मा सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान के नेतृत्व में फेडरेशन की टीम ने आयोजन में भाग लेते हुए हाड़ोती क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों की जानकारी देशभर से आए आगंतुकों तक पहुंचाई। माहेश्वरी ने बताया कि आयोजन स्थल पर कोटा नमकीन व्यापार समिति द्वारा हाड़ोती की प्रसिद्ध नमकीन एवं कचौरी के पैकेट लगभग 15,000 आगंतुकों को वितरित किए गए।
इस अवसर पर होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान ने कहा कि राज्य सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से खाद्य उद्योग को प्रोत्साहन देने, कृषि उत्पादों के संवर्धन तथा रोजगार सृजन के लिए निरंतर प्रयासरत है।
एक्सपो में खाद्य उद्योग से जुड़े आधुनिक नवाचारों एवं उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि राजस्थान में स्थानीय स्तर पर इस प्रकार का व्यापक फूड एक्सपो पहली बार आयोजित हुआ है।
उन्होंने बताया कि होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान, कोटा डिवीजन के प्रयासों से हाड़ोती क्षेत्र पर्यटन मानचित्र पर लगातार अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। ऐसे आयोजनों में भागीदारी के माध्यम से राजस्थान के पर्यटन स्थलों एवं विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक खाद्य व्यंजनों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का कार्य किया जा रहा है।
फेडरेशन के संभागीय अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बताया कि फेडरेशन भविष्य में हाड़ोती के पर्यटन एवं स्थानीय उत्पादों के प्रचार-प्रसार के लिए इस प्रकार के आयोजनों में सक्रिय भागीदारी निभाता रहेगा।
साथ ही हाड़ोती क्षेत्र में भी ऐसे आयोजन कराने के प्रयास किए जाएंगे, जिससे यहां के पर्यटन स्थलों के साथ-साथ यहां का चावल, लहसुन, कोटा डोरिया नमकीन, कचौरी, मेथी एवं अन्य स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान एवं व्यापक बाजार उपलब्ध हो सके।
उन्होंने एक्सपो में हाड़ोती से भागीदारी निभाने वाले सभी प्रतिनिधियों तथा राजस्थान उद्योग व्यापार महासंघ के चेयरमैन अरुण अग्रवाल, अध्यक्ष जगदीश सोमानी एवं महासचिव जितेंद्र गोयल के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।

