आखिर मिल ही गई अक्षय कुमार को भारत की नागरिकता, ट्रोलर्स की बोलती बंद

151

मुंबई। अक्षय कुमार को भारत की नागरिकता मिल गई है। इस बात की जानकारी खुद अभिनेता ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर दी है। अभिनेता ने ट्विटर पर अपने आधिकारिक सरकारी दस्तावेजों की तस्वीर शेयर करते हुए भारत के नागरिक होने का सबूत दिया है। याद दिला दें, इससे पहले अक्षय कुमार के पास कनाडा की नागरिकता थी, जिसकी वजह से उन्हें आए दिन सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जाता था।

अक्षय कुमार ने लिखा, ‘दिल और नागरिकता, दोनों हिन्दुस्तानी। स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं! जय हिन्द!’ अक्षय के इस ऐलान के बाद कुछ लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं। वहीं कुछ ट्रोल्स को मुंह तोड़ जवाब दे रहे हैं। एक यूजर ने अक्षय की पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा, ‘बधाई अक्की पाजी! आप पहले भी हिन्दुस्तानी थे, अब भी हिन्दुस्तानी हो और हमेशा हिन्दुस्तानी ही रहोगे।’ दूसरे यूजर ने लिखा, ‘घर वापसी की शुभकामनाएं’। तीसरे यूजर ने लिखा, ‘चलिए अब ट्रोल्स की बोलती बंद हो जाएगी।’

साल 2019 में किया था अप्लाई
साल 2019 में अक्षय कुमार ने वादा किया था कि वह जल्द ही भारतीय पासपोर्ट के लिए आवेदन करेंगे। उसके तीन साल बाद उन्होंने अपडेट देते हुए कहा था, “कनाडा का पासपोर्ट होने का यह मतलब नहीं है कि मैं किसी भारतीय से कम हूं। मैं पूरी तरह से भारतीय हूं। हां, मैंने यह साल 2019 में कहा था कि मैंने भारतीय पासपोर्ट के लिए आवेदन किया है। लेकिन, उसके बाद महामारी आ गई। हालांकि, अब बहुत जल्द प्रक्रिया पूरी हो जाएगी और मेरा पासपोर्ट आ जाएगा। मैं क्या करूं, मैं थोड़ी महामारी लाया हूं।” वहीं अब साल 2024 में उनका पासपोर्ट बनकर आ गया है।