अप्रैल में देश का निर्यात 2.23 लाख करोड़ रुपए पर पहुंचा, गत वर्ष से 3 गुना ज्यादा

438

नई दिल्ली। अप्रैल में देश से निर्यात में भारी बढ़ोतरी हुई है। वाणिज्य मंत्रालय की ओर से रविवार को जारी प्रारंभिक डाटा के मुताबिक, अप्रैल में देश का कुल निर्यात 30.21 बिलियन डॉलर करीब 2.23 लाख करोड़ रुपए रहा है। एक साल पहले की समान अवधि के 10.17 बिलियन डॉलर करीब 75 हजार करोड़ रुपए के निर्यात के मुकाबले इसमें 3 गुना की ग्रोथ रही है।

3.36 लाख करोड़ रुपए का आयात
निर्यात की तर्ज पर अप्रैल में आयात में भी भारी बढ़ोतरी हुई है। अप्रैल में देश का कुल आयात 45.45 बिलियन डॉलर करीब 3.36 लाख करोड़ रुपए रहा है। पिछले साल अप्रैल में 17.09 बिलियन डॉलर करीब 1.26 लाख करोड़ रुपए का आयात हुआ था। मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अप्रैल में भारत शुद्ध रूप से आयातक रहा है। अप्रैल में देश का व्यापार घाटा 15.24 बिलियन डॉलर करीब 1.12 लाख करोड़ रुपए रहा है। मंत्रालय के मुताबिक, अप्रैल में व्यापार घाटा 120.34% रहा है। अप्रैल 2020 में देश का व्यापार घाटा 6.92 बिलियन डॉलर करीब 51 हजार करोड़ रुपए रहा था।

पिछले साल लॉकडाउन के कारण घटा था निर्यात
पिछले साल पूरा अप्रैल महीना कोविड-19 के कारण लगाए गए लॉकडाउन में बीता था। इस कारण निर्यात में 60.28% की गिरावट रही थी। हालांकि, इस साल मार्च में निर्यात में 60.29% की ग्रोथ रही थी। मार्च 2021 में 34.45 बिलियन डॉलर करीब 2.55 लाख करोड़ रुपए का निर्यात हुआ था। अप्रैल 2021 में तेल आयात 10.8 बिलियन डॉलर करीब 80 हजार करोड़ रुपए रहा था। एक साल पहले समान अवधि में 4.65 बिलियन डॉलर करीब 34 हजार करोड़ रुपए के तेल का आयात हुआ था।

अप्रैल में इन कमोडिटी के निर्यात में ग्रोथ रही
जेम्स एंड ज्वैलरी, जूट, कारपेट, हैंडीक्राफ्ट, लैदर, इलेक्ट्रॉनिक, गुड्स, ऑयल मील्स, काजू, इंजीनियरिंग, पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स, मरीन प्रोडक्ट्स और कैमिकल।