अडाणी समूह की सीमेंट सेक्टर में उतरने की तैयारी

0
880

मुंबई।अडाणी समूह नए सेक्टर में उतरने की तैयारी कर रहा है। यह ग्रुप अब सीमेंट सेक्टर में उतरेगा। पोर्ट, एयरपोर्ट जैसे सेक्टर में यह पहले से है। इस तरह से कंपनी ने इंफ्रा किंग बनने के लिए एक और सेक्टर को चुना है। अडाणी इंटरप्राइजेज का शेयर शुक्रवार को मामूली बढ़त के साथ 1601 रुपए पर बंद हुआ था।

शेयर बाजारों को दी गई जानकारी में कंपनी ने कहा है कि अडाणी इंटरप्राइजेज सीमेंट सेक्टर का काम करेगी। कंपनी ने अडाणी सीमेंट के नाम से एक सब्सिडियरी बनाई है जो अडाणी इंटरप्राइजेज के बैनर तले होगी। इसका अथोरॉइज्ड शेयर कैपिटल 10 लाख रुपए का होगा और पेट अप कैपिटल 5 लाख रुपए का होगा। नई कंपनी का अभी कोई टर्नओवर नहीं है और इसका हेड क्वार्टर गुजरात में होगा।

दरअसल देश के इंफ्रा में सीमेंट सेक्टर की एक अहम भूमिका है। आने वाले दिनों में इसमें और तेजी दिखेगी। कारण की सरकार इँफ्रा पर भारी भरकम खर्च कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना सहित तमाम इंफ्रा के काम सरकार कर रही है। ऐसे में अडाणी ग्रुप इस सीमेंट सेक्टर पर फोकस कर रहा है। विश्लेषक पहले से ही सीमेंट सेक्टर को लेकर काफी तेजी दिखा रहे हैं।

हाल में मोर्गन स्टेनली के रिधम देसाई ने कहा था कि मेटल की तुलना में सीमेंट के स्टॉक अच्छे हैं। यह घरेलू सेक्टर को बढ़ावा देने वाला सेक्टर हैं। आने वाले दो सालों में इस सेक्टर में वोल्यूम में अच्छा ब्रेकआउट दिख सकता है। अडाणी ग्रुप ने इसी साल एक और नए सेक्टर में कदम रखा था। अडाणी इंटरप्राइजेज ने अडाणी कॉपर के नाम से एक कंपनी बनाई है जो कॉपर की मांग को पूरा करने के लिए काम करेगी।

सीमेंट कंपनियों के खरीदने पर फोकस
जानकारी के मुताबिक, अडाणी ग्रुप शुरुआती चरण में सीमेंट कंपनियों को खरीद कर आगे बढ़ेगा। क्योंकि यह देश के पोर्ट और एयरपोर्ट बिजनेस में अच्छा नियंत्रण रखती है। अडाणी ग्रुप के मालिक गौतम अडाणी इसी तरह के बिजनेस के लिए जाने जाते हैं। इस साल के पहले 6 महीनों में उनकी संपत्ति में 43 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। दुनिया में सबसे तेजी से उनकी संपत्ति इस साल बढ़ी है। इस ग्रुप की कुल 6 कंपनियां हैं जो शेयर बाजार में लिस्ट हैं। इनका कुल मार्केट कैप 8.50 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा है।