कोटा में पहला कोरोना टीका मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ.सरदाना को लगा

0
606
कोटा में पहली कोरोना वैक्सीन लगवाते मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ.विजय सरदाना।

कोटा। शहर में नए अस्पताल में 11 बजे कोरोना टीकाकरण अभियान की शुरुआत हुई। सबसे पहले मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉक्टर विजय सरदाना को वैक्सीन लगाई गई। इस दौरान उनकी पत्नी डॉक्टर अंशुल सरदाना भी मौजूद रहीं। जैसे ही डॉक्टर सरदाना के टीका लगा तो वहां मौजूद डॉक्टर व स्टाफ ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया। नए अस्पताल में पहले 1 घंटे में 22 हैल्थ वर्कर को टीका लगाया गया। 1 बजकर 10 मिनट तक नए अस्पताल में 56 हैल्थ वर्कर के टीके लगाए जा चुके हैं।

फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया
नए अस्पताल में जैसे ही टीकाकरण अभियान का आगाज हुआ तो हैल्थ वर्कर को फूल मालाएं पहनाई गई। पहला टीका डॉ. सरदाना ने लगवाया, दूसरा एमबीएस अधीक्षक डॉ. नवीन सक्सेना फिर एडिशनल प्रिंसिपल डॉ. शिव कुमार शर्मा, डॉ. सुमित गुप्ता, डॉ. आरपी मीणा ने टीका लगवाया। महिला डॉक्टर में से सबसे पहले डॉक्टर दीपिका मित्तल फिर डॉक्टर प्रीति गुप्ता ने टीका लगवाया।

टीका लगने के बाद इस महिला डॉक्टर की तबियत बिगड़ी।

एक महिला डॉक्टर की तबीयत बिगड़ी
मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉक्टर विजय सरदाना की पत्नी डॉक्टर अंशुल सरदाना, वेरिफिकेशन से लेकर निगरानी कक्ष तक डॉक्टर सरदाना के साथ रहीं। आधे घंटे तक निगरानी कक्ष में उनके पास बैठी रहीं। वहीं, महिला डॉक्टर में दूसरे नम्बर पर जिन प्रीति गुप्ता को वैक्सीन लगाई गई थी। वैक्सीनेशन लगाने के कुछ देर बाद डॉ. प्रीति गुप्ता को चक्कर आ गए। उन्हें ऑब्जर्वेशन रूम ने बैठाया गया। थोड़ी देर आराम के मिलने के बाद वह सकुशल घर लौट गईं।

3 मिनट में लगा एक को टीका
हैल्थ वर्कर के नए अस्पताल में पहुंचने पर सबसे पहले गार्ड द्वारा पूछताछ की गई। फिर रजिस्ट्रेशन पर मौजूद वेरिफायर (व्यक्ति) ने आईडी चेक की। बाद में वैक्सीनेटर ने वैक्सीन लगाई। इस प्रकिया में एक हैल्थ वर्कर को टीका लगाने में लगभग 3 मिनट का समय लगा।