कंगना रणौत फिर नई मुसीबत में फसीं, बिहार के हर जिले में दर्ज हो रहा है केस

0
560

मुंबई। अभिनेत्री कंगना रणौत फिल्मों से ज्यादा अब अपने विवादित बयानों की वजह से जानी जाती हैं। बीते कुछ समय से वह अपने कई विवादित बयान देने की वजह से मुश्किलों में भी आ चुकी हैं। बावजूद इसके कंगना रणौत बयान देने में बिल्कुल भी पीछे नहीं रहती हैं। एक बार फिर से अभिनेत्री अपने विवादित बयान की वजह से मुश्किलों में आ गई हैं। 

राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा कंगना रणौत के खिलाफ बिहार के सभी जिलों में केस दर्ज करवा रहे हैं। वह यह केस अभिनेत्री के खिलाफ उनकी चुनावी सभा का मजाक उड़ाने वाले ट्वीट को रीट्वीट करने पर दर्ज करवा रहे हैं। एक फनी सिंह नाम के ट्विटर हैंडल ने उपेंद्र कुशवाहा की तस्वीर साझा की है। तस्वीर में उनके साथ अन्य कई नेता भी दिखाई दे रहे हैं।

इस तस्वीर सभी नेताओं को लुटियंस, लिबरल, जिहादी, आजाद कश्मीर, अर्बन नक्सल, कम्युनिस्ट और खालिस्तानी बताया गया है। इस तस्वीर के साथ पोस्ट में सभी नेताओं को टुकड़े-टुकड़े गैंग के नए स्टार कहा गया था। कंगना रणौत को यह ट्वीट रीट्वीट भारी पड़ा गया है। अभिनेत्री द्वारा रीट्वीट करने पर राष्ट्रीय लोक समता पार्टी ने कड़ा एतराज जताया है।

राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के प्रवक्ता फजल इमाम मलिक ने कहा, ‘कंगना के खिलाफ इस पूरे मामले पर पार्टी कानूनी कार्रवाई करेगी। लीगल राय ली जा रही है और दो-तीन दिनों में पार्टी संबधित तमाम पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करेगी। सभी जिलों में भी केस दर्ज किया जा सकता है।’ वहीं इन दिनों किसानों के आंदोलन को लेकर बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रणौत और अभिनेता दिलजीत दोसांझ सोशल मीडिया पर आमने-सामने है। हाल ही में कंगना ने दिलजीत दोसांझ को लेकर ट्विटर पर गलत भाषा का इस्तेमाल किया। 

हाल ही में कंगना रणौत ने बुजुर्ग किसान दादी को बिलकिस बानो बताते हुए मजाक उड़ाया था। इस पर दिलजीत दोसांझ ने लिखा था कि बंदे को इतना भी अंधा नहीं होना चाहिए। कंगना को दिल्ली में चल रहे किसानों के विरोध के बाद से बुजुर्ग सिख महिला के बारे में एक ट्वीट करने के लिए कानूनी नोटिस मिला है। 

इसके बाद दिलजीत दोसांझ ने भी सोशल मीडिया पोस्ट लिखते हुए कंगना रणौत पर निशाना साधा। जिसके बाद दोनों के बीच सोशल मीडिया वॉर शुरू हो गई है। इस दौरान कंगना रणौत ने अभिनेता के लिए अमर्यादित भाषा की इस्तेमाल किया। साथ ही एक के बाद दिलजीत दोसांझ ने भी अभिनेत्री के हर ट्वीट का जवाब दिया। इतना ही नहीं सोशल मीडिया पर इन दोनों के फैंस भी भीड़ गए हैं।