रामायण के री-टेलिकास्‍ट ने बनाया रेकॉर्ड, 4 शो में मिले 170 मिलियन दर्शक

0
611

नई दिल्ली। देश में चल रहे लॉकडाउन के बीच इन दिनों दूरदर्शन पर रामानंद सागर के शो ‘रामायण’ का फिर से टेलिकास्‍ट हो रहा है। 1987 में आया यह शो आज भी लोगों की पसंद बना हुआ। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शो की टीआरपी ने नया रेकॉर्ड बनाया है।

प्रेस इन्‍फर्मेशन ब्‍यूरो (PIB) ने ट्वीट कर जानकारी दी कि BARC रेटिंग में रामायण के रिपीट शो ने बाजी मारी है। इसे 4 शोज में 170 मिलियन दर्शक मिले हैं। पीआईबी ने ट्वीट किया, ‘BARC के मुताबिक, हमने 2015 से टीवी ऑडियंस को मीजर करना शुरू किया। उस वक्‍त से किसी भी हिंदी जीईसी शो को इतनी ज्‍यादा रेटिंग नहीं मिली है जितनी रामायण के री-टेलिकास्‍ट को मिली है।’

रामायण की वजह से दूरदर्शन ने बनाया रेकॉर्ड
प्रसार भारती के सीईओ शशि शेखर ने भी इसकी जानकारी दी। उन्‍होंने बताया कि रामायण की वजह से दूरदर्शन ने भी रेकॉर्ड बना दिया है। इससे साफ है कि कोरोना से लड़ाई के दौरान घरों में लोग रामायण देखना पसंद कर रहे हैं।

शो का था जबरदस्‍त क्रेज
बता दें, रामायण में अरुण गोविल ने राम, दीपिका चिखलिया ने सीता का किरदार निभाया था। उस दौर में लोग रामायण शुरू होते ही टीवी से चिपक जाते थे। शो का ऐसा क्रेज था कि लोग अरुण और दीपिका को सच में राम और सीता मानने लगे थे और उनकी पूजा तक करते थे।

ये शोज भी हो रहे हैं री-टेलिकास्‍ट
बता दें, रामायण ही नहीं, इन दिनों दूरदर्शन पर कई पुराने शोज को री-टेलिकास्‍ट किया जा रहा है। इनमें महाभारत, देख भाई देख, चाणक्‍य, शक्तिमान, सर्कस, बुनियाद, ब्‍योमकेश बख्‍शी, श्रीमान श्रीमती जैसे पॉप्‍युलर शोज शामिल हैं।