नई दिल्ली। आपने महिलाओं की योनि, गुदाद्वार, जूते या सेंडिल के सोल में तो तस्करों द्वारा सोना छुपाकर लाने का तो पढ़ा ही होगा, लेकिन इस बार तस्कर ने जो तरीका अपनाया वह जानकर चौंक जायेंगे आप। गाड़ियों की शाफ्ट के बीच में सोने को छिपाकर ला रहे एक गोल्ड स्मगलर को दिल्ली एयरपोर्ट के टी-2 से गिरफ्तार किया गया है। उसके पास 1 करोड़ 74 लाख रुपये का गोल्ड बरामद किया गया है।
आरोपी को एक सूचना के आधार पर पकड़ा गया। कस्टम अधिकारियों ने बताया कि यह सोना दुबई से मुंबई लाया गया था। मुंबई एयरपोर्ट पर इन्होंने कस्टम अधिकारियों को धोखा दे दिया था। वहां से सोने को गो एयर की फ्लाइट से दिल्ली लाया गया। यहां टी-2 से जब यह कैरियर बाहर निकल रहा था, तब इसे पकड़ लिया गया।
शुरुआत में इसने अपने पास सोना होने की बात से साफ इनकार कर दिया, लेकिन जब इसके चेक-इन लगेज की जांच की गई, तो उसमें एक पुरानी जंग लगी गाड़ियों की शाफ्ट निकली। (शाफ्ट गाड़ियों का एक ऐसा पार्ट होता है जो इंजन में लगा होता है और इंजन में लगे वाल्वों को खोलने व बंद करने का काम करता है।) एक बार को इस शाफ्ट को देखकर कस्टम अधिकारी भी यह सोचने लगे कि कहीं हमें मिली सूचना गलत तो नहीं।
उससे एक बार फिर से पूछताछ की गई लेकिन उसने कुछ नहीं बताया। बाद में उस शाफ्ट को कटवाने का निर्णय लिया गया। जैसे ही शाफ्ट कटवाई गई, उसके अंदर खोखले वाले पार्ट में सोना निकला। यह सोना इन्होंने पिघलाकर शाफ्ट के खोखले पार्ट में भरवा दिया था। ऊपर से दोनों ओर साइड वेल्ड करा दी थी, जिससे कि यह लगे कि यह लोहे की शाफ्ट है।
कस्टम अधिकारियों ने इस शाफ्ट से सारा सोना निकाल लिया। इसका वजन 5 किलो 620 ग्राम निकला। इसकी मार्केट कीमत 1 करोड़ 74 लाख रुपये से अधिक है। जांच में पता चला है कि यह स्मगलर बुलंदशहर का रहने वाला है और यहां चांदनी चौक के कुछ जूलर्स के लिए गोल्ड की स्मगलिंग करता है। यह गोल्ड दुबई से मुंबई लाया गया था, जहां से इसे दिल्ली लाया जा रहा था।
पूछताछ में यह भी पता लगा है कि इस तरह से यह पहले भी पांच-छह बार गोल्ड ला चुका है। इसमें मुंबई और दिल्ली दोनों एयरपोर्ट से ही यह सोना बाहर निकाल चुका है। इसी ओवर कॉन्फिडेंस ने इसे इस बार पकड़वा दिया। मामले में चांदनी चौक के कुछ जूलर्स के बारे में भी जानकारी मिली है, जो सोने की स्मगलिंग करवाते हैं या फिर स्मगलिंग किए हुए गोल्ड को खरीदते हैं।