कोटा। भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव के पावन अवसर पर कोटा में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी सकल दिगम्बर जैन समाज समिति द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
प्रचार सचिव मनोज जैन आदिनाथ ने बताया कि आचार्य विद्यासागर महाराज के परम शिष्य मुनि अरहसागर एवं महाराज एवं मुनि विभोरसागर महाराज ससंघ के मंगल पावन सानिध्य में सकल दिगम्बर जैन समाज समिति, कोटा के तत्वावधान में एवं सकल दिगम्बर जैन समाज, रामपुरा के संयोजन में भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा को सजे हुए रथ में सौधर्म इंद्र द्वारा सिंहासन पर विराजमान कर ढोल-नगाड़ें, गाजे-बाजे, वैभव के साथ भव्य ऐतिहासिक शोभायात्रा हर्षोल्लास के साथ रामपुरा बाज़ार से निकाली जाएगी।
ऐतिहासिक शोभायात्रा के मुख्य संयोजक निर्मल पोरवाल एवं रितेश सेठी ने बताया ने बताया कि गुरुवार प्रातः 7 बजे वसुंधरा भवन जयपुर गोल्डन से सकल दिगम्बर जैन समाज समिति के अध्यक्ष प्रकाश बज एवं महामंत्री पदम बडला ध्वज दिखाकर रवाना करेंगे, जिसमें प्रसिद्ध बैंड, गुरु सेवा संघ के युवाओं का दिव्य घोष, महिला जयघोष, रामपुरा महिला मंडल एवं आदिश महिला मंडल महावीर नगर द्वितीय की गरिमामयी प्रस्तुति भी शोभायात्रा के साथ, डीजे की मधुर स्वर लहरियों के साथ नृत्य करते हुए युवक युवतियों की टोलियाँ साथ चलेगी।
संयोजक जेके जैन ने बताया कि इसी के साथ 24 बग्गियों में इन्द्र इन्द्राणी के रूप में सजे हुए इंद्र इंद्राणी साथ चलेंगे। श्वेतवस्त्र धारण किए हुए पुरुष वर्ग एवं केसरिया रंग की साड़ी पहनकर महिला वर्ग भगवान महावीर के जयघोषों के साथ पंक्तिबद्ध तरीके से हाथों में संदेश पट्टिका एवं धर्म पताका लिए साथ चलेंगे। आध्यात्मिक पाठशालाओं के बच्चों की टोलियाँ ऊँट गाड़ी में एवं 5 नवयुवक घोड़े पर धर्म ध्वज के साथ आगे बढ़ेंगे। शोभायात्रा को आकर्षक बनाने के लिए मार्ग में ड्रोन द्वारा पुष्पवर्षा की जाएगी।
सकल दिगम्बर जैन समाज समिति, कोटा के दिशा निर्देशन में सभी युवा साथी पूरे जुलूस को नियंत्रित करने में सहयोग करेंगे तो महिला प्रकोष्ठ की सभी सदस्याएं व्यवस्था में सहयोग प्रदान करेंगी। जैन सोश्यल ग्रुप एवं दिगम्बर जैन सोश्यल ग्रुप के सभी ग्रुप्स अपने ग्रुप ड्रेसकोड में सभी दम्पत्ति सदस्यों सहित पूरे वैभव के साथ सम्मिलित होंगे।
सम्पूर्ण शोभायात्रा मार्ग में 108 स्वागत द्वार एवं सुन्दर रंगोलियों के माध्यम से भगवान महावीर जन्मकल्याणक शोभायात्रा में पधारे सभी भक्तों का स्वागत अभिनन्दन किया जाएगा। 108 स्थानों पर भगवान महावीर की प्रतिमा की आरती होगी।
परम सरंक्षक विमल जैन नांता एवं विनोद टोरणी ने बताया कि यात्रा से पूर्व महिलाओं और पुरुषों का विशेष स्वागत अभिनन्दन तिलक माला, दुपट्टा, साफा इत्यादि के माध्यम से किया जायेगा। शोभायात्रा मार्ग-शोभायात्रा जयपुर गोल्डन से प्रारम्भ होकर आर्य समाज रोड से रामपुरा मैन बाजार होते हुए रामपुरा लिंक रोड से अग्रसेन बाजार होते हुए श्रीपुरा से कैथूनीपोल, टिपटा, गढ़प्लेस होते हुए दशहरा मैदान पहुंचेंगी।
परोपकार एवं जीवदया के विशेष कार्यक्रम
नरेश जैन वेद ने बताया कि महोत्सव के दौरान अनेक परोपकारी कार्य भी आयोजित किए जाएंगे। जैन सोशियल ग्रुप अनुभव द्वारा चयनित दिव्यांगजनों को मौके पर सहायता उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। दिगम्बर जैन सोशियल ग्रुप द्वारा आयोजित मेगा ब्लड डोनेशन कैंप में रक्तवीरों द्वारा सैकड़ों यूनिट रक्तदान किया जाएगा।
ह्यूमन हेल्पलाईन द्वारा गौरैया संरक्षण एवं संवर्धन के लिए नारियल के जूट से निर्मित विशेष घोसले निःशुल्क वितरित किए जाएंगे। जीव दया टीम, जीव रक्षा फाउंडेशन एवं करुणाभाव संस्था द्वारा बढ़ती गर्मी में पक्षियों की राहत के लिए मिट्टी से निर्मित परिंडे वितरित किए जाएंगे।
सेवाधाम आश्रम द्वारा संचालित अस्वस्थ मानवों की सेवार्थ सहायता उपकरणों का पंजीकरण प्रारंभ किया जाएगा। ह्यूमन हेल्प लाइन एवं अन्य संस्थाओं के माध्यम से कोटा शहर की विभिन्न संस्थाओं में आवासीय वृद्धों, अस्वस्थ व्यक्तियों, अस्पतालों में तीमारदारों आदि को भोजन एवं मिठाई वितरित की जाएगी।