दिगंबर जैन सोशल ग्रुप ‘अनुभव’ ने ली सेवा, समर्पण, संविधान अनुपालना की शपथ

0
10

कोटा। दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप ‘अनुभव’ कोटा का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को आरोग्य नगर स्थित जैन जन उपयोगी भवन में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम मुख्य सूत्रधार एवं फेडरेशन के राष्ट्रीय अतिरिक्त महासचिव जे के जैन ने बताया कि दिगंबर जैन सोशल ग्रुप के शपथ ग्रहण का आगाज मंगलाचरण, दीप प्रज्जवलन व अतिथि सत्कार से हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रेड क्रॉस सोसायटी के स्टेट प्रसीडेंट राजेश कृष्ण बिरला थे। फेडरेशन के अंतराष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश विनायका ने अध्यक्षता की।

निर्वतमान अध्यक्ष धर्मचंद काला ने कहा कि 60 वर्ष से अधिक आयु वाले व्यक्ति ही सपत्निक ग्रुप के सदस्य बन सकते हैं। वर्तमान में 101 दम्पत्ति सदस्य हैं। उन्होने ग्रुप के सेवा कार्य के बारे मे बताते हुए कहा कि दिव्यांग शिविर में जयपुर फुट, कृत्रिम हाथ, कैलिपर्स, ट्राई साइकिल, स्प्लिंट, बैसाखी, वाकर एवं व्हीलचेयर आदि का वितरण, पौधारोपण, ब्लड डोनेशन, राजकीय स्कूल में जर्सी, यूनिफार्म, अलमारी व पंखों को वितरण किया गया। कार्यक्रम में नन्ही बालिकाओं एवं महिलाओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए गए।

कार्यक्रम में 3 महिलाओं को पीकू सिलाई मशीन व 6 महिलाओं को 3 हजार प्रतिमाह विधवा पेंशन देने की घोषणा की गई। पीकू मशीन धर्मचंद काला व राजेन्द्र जैन पाटनी तथा पेंशन प्रकाश ठोरा, धर्मचंद काला, प्रदीप (गोल्डी) के सहयोग से प्रदान की गई।

अनुभव की खान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रेडक्रॉस के स्टेट चैयरमेन व नागरिक सहकारी बैंक अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने अनुभव ग्रुप को अनुभव की खान बताते हुए कहा कि यह ग्रुप 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों का है। यहां सभी व्यक्ति विशेष योग्यताधारी हैं। उनके अनुभव का लाभ समाज को मिल रहा है। अनुभव ग्रुप वर्ष पर्यंत अपने सेवा कार्यों में सतत प्रयत्नशील रहता है। अन्य समाजों को भी अनुभव ग्रुप से सीख लेनी चाहिए।

विश्व भर में 350 ग्रुप
अंतराष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश विनायका विशिष्ट फेडरेशन अंतराष्ट्रीय महासचिव विपुल बांझल ने बताया कि ग्रुप 06 देशो में फैला है जिसके 350 मेम्बर हैं। लगभग 350 ग्रुप सक्रिय होकर कार्य कर रहे हैं। सभी अनुभव ग्रुपों को अपने कार्य से अपनी पहचान बनाने की सलाह दी और कहा कि अपने कार्य में इतनी प्रवीणता में निखार लाए की लोग आपके कार्यों से आपके ग्रुप की पहचान करें। उन्होंने सदस्यों की प्रतिभा व उनके व्यक्तित्व विकास की बात को भी दोहराया एवं कोरोना काल में अनुभव ग्रुप द्वारा किए गए सेवा कार्यो के लिए उनकी प्रशंसा की।

इन्हें दिलाई शपथ
शपथ ग्रहण अधिकारी जम्बू जैन धवल ने नवीन कार्याकारणी अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार, कार्याध्यक्ष अशोक जोरा, सचिव एस के दोशी, कोषाध्यक्ष सुरेश चंद जैन सहित नए सदस्य नरेश-निशा वैद, सुरेश-नीना चांदवाड़, सुरेश-सुषमा हरसौड़ा व सुनील-मधु जैन पाटनी को शपथ ग्रहण करवाई।