कोटा। श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर तलवंडी में तपोभूमि प्रणेता आचार्य प्रज्ञा सागर महाराज संसंघ का पावन प्रवास चल रहा है। प्रतिदिन बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या धर्म के प्रति लोगों की आस्था को प्रकट कर रही है।
प्रवचन माला में आचार्य श्री ने मानव जीवन में धर्म के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मनुष्य में स्वयं परमात्मा बनने की क्षमता निहित है। इसलिए उसे कभी भी धर्म का साथ नहीं छोड़ना चाहिए। महाराज श्री ने समाज के समग्र विकास पर बल देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण, बच्चों को उत्तम संस्कार, समाजजनों की सेवा और भगवान के प्रति समर्पण से ही संसार के दुखों को कम किया जा सकता है।
मंदिर मंत्री प्रकाश जैन ने बताया कि आचार्य श्री के प्रभावशाली व्यक्तित्व से प्रेरित होकर बड़ी संख्या में युवा वर्ग सायंकालीन आनंद यात्रा में सहभागिता कर रहा है। साथ ही महाराज श्री की आहार चर्या और प्रवचनों में भी श्रद्धालुओं का उत्साह देखने को मिल रहा है।
धार्मिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए पाठशाला संयोजक अभिषेक भैया और मनोज पाटनी ने घोषणा की कि कल से बच्चों के लिए प्रतिदिन संगीत शिक्षा की कक्षाएं प्रारंभ की जाएंगी।
विशेष कार्यक्रम में मंदिर अध्यक्ष अशोक एवं अश्विन पहाड़िया परिवार ने आचार्य का पाद प्रक्षालन कर धन्यता का अनुभव किया। राजकुमार जैन ने बताया कि धर्म प्रवचनों का यह क्रम आगामी दिनों में भी जारी रहेगा।