हाड़ौती के पर्यटन विकास के लिए होगें सकारात्मक प्रयास: संभागीय आयुक्त

0
27

होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान कोटा संभाग की बैठक में हुआ मंथन

कोटा। हाडोती के पर्यटन विकास को लेकर बुधवार को संभागीय आयुक्त उमिला राजोरिया की अध्यक्षता में आयुक्त कार्यालय के सभागार में मीटिंग का आयोजन हुआ। जिसमें संभागीय आयुक्त राजोरिया ने होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान कोटा संभाग के पदाधिकारियों को हाड़ौती के पर्यटन विकास के लिए सकारात्मक प्रयास करने का भरोसा दिलाया।

होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान कोटा संभाग के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी महासचिव एवं संदीप पाडिया ने बताया बैठक में हाडोती के पर्यटन विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मंथन हुआ। उन्होंने बताया कि वर्तमान परिवेश में हाड़ौती पर्यटन के दृष्टिकोण से देश प्रदेश में अपना महत्वपूर्ण स्थान रखता है। इसे देश और प्रदेश के मानचित्र पर लाने के लिए सयुक्त प्रयासों की आवश्यकता है। होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन पर्यटन विकास में पूरी तरह से सहयोग देने के लिए कटिबद्ध है।

माहेश्वरी ने बताया कि वर्तमान में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए प्रचार प्रसार का अभाव महसूस किया जा रहा है। उन्होंने सुझाव दिया कि इसके लिए प्रशासन और पर्यटन विभाग मिलकर एक राष्ट्रीय स्तर पर हाड़ौती डोमेस्टिक पर्यटन मार्ट का आयोजन कोटा करे। इसमें देश -प्रदेश के ट्यूर ऑपरेटर्स, होटल रिसोर्ट से जुड़े व्यवसाईयों को आमंत्रित किया जाए। इस तरह का आयोजन हर वर्ष हो, जिसमें हाड़ौती की लोक कला, कुटीर उद्योग, कोटा डोरिया साड़ी, हाड़ौती की संपूर्ण भौगोलिक स्थिति की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।

बैठक में यह दिए सुझाव

कोटा के पर्यटक स्थल

  1. नई पर्यटन नीति में कोटा संभाग को भी प्रसिद्ध पर्यटक स्थल मानते हुए इसे पूरा स्थान प्रदान किया जाए।
  2. पर्यटन कल्याण बोर्ड में हाड़ौती को प्रतिनिधित्व दिया जाए।
  3. चंबल रिवर फ्रन्ट को अधिक आकर्षक बनाने के लिए एक छोर से दूसरे छोर तक रोप वे चलायी जाए. साथ ही एक बड़े ग्लास एक्वेरियम की स्थापना की जाए।
  4. किसी सेलिब्रिटी को ब्रांड एंबेसडर बनाकर उसका व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार किया जाए।
  5. चंबल रिवर फ्रन्ट एवं सिटी पार्क में फिल्मों की शूटिंग करने वालों को रियायती दरों पर संपूर्ण सुविधा दी जाए।
  6. मुकंदरा हिल्स टाईगर रिजर्व मे नये मार्ग पर सफारी शुरू कर पर्यटक सुविधाओं का विस्तार किया जाए
  7. अभ्यारण्य में जाने वाली सड़कों को दुरुस्त किया जाए, वहां अधिक से अधिक संख्या में टाइगरों को लाया जाए।
  8. चम्बल नदी के केशोराय पाटन एवं रंगपुर घाट को वाराणसी घाट की तर्ज पर विकसित किया जाये एवं एक छोर से दूसरे छोर तक केबल कार का संचालन किया जाए ।
  9. दरा मे रेल्वे अंडर पास पर प्रतिदिन लगने वाले जाम से छुटकारा दिलाया जाए।
  10. चंबल गार्डन से जवाहर सागर तक चंबल सफारी एवं क्रूज चलाया जाए, जिसमें मनोरंजन के संपूर्ण साधन और रेस्टोरेंट आदि की व्यवस्था भी हो।
  11. -मथुराधीश मंदिर के कॉरिडोर को जल्द विकसित किया जाए।

बूंदी के पर्यटन स्थल

  1. बूंदी बाईपास से अतिक्रमण हटाया जाए एवं व्यू पाइंट के पास स्थित मकानों पर नए निर्माण बाईपास लेन से ऊपर बनाने पर रोक लगाई जाए।
  2. बूंदी में पुराने ऐतिहासिक दरवाजों के संरक्षण एवं उनका रख-रखाव कर उन पर सजावट की जाए।
  3. सरकार के स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के तहत बूंदी एंव केशवरायपाटन में कराये जाने वाले विकास कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए।
  4. होटल वृंदावती का नवीनीकरण कर उसको पुनः पर्यटकों के लिए खोला जाए ।
  5. जेत सागर व नवल सागर की सफ़ाई व वाटर हार्वेस्टिंग शुरू की जाए। -पैलेस ऑन व्हील्स का कोटा व बूंदी मे ठहराव हो एवं बूंदी को जयपुर दिल्ली की रेल कनेक्टिविटी से जोडा जाए।
  6. फ़तह सागर की तर्ज़ पर बूंदी में जेत सागर पर चौपाटी डेवलपमेंट की जाए।
  7. कुंज व टेरेस गार्डन का जीर्णोद्धार करके ऑक्सीजन पार्क की तरह विकास किया जाए।

झालावाड के पर्यटन स्थल

  1. होटल चन्द्रावती को और आकर्षक बनाकर पर्यटकों के लिए खोला जाए।
  2. झालावाड में संतरा फेस्टीवल, एग्रो टूरिज्म फेयर आयोजित किया जाए।
  3. गागरोन फोर्ट का पुनः जीणोद्धार किया जाए।
  4. सूर्य मंदिर के आसपास से अतिक्रमण को हटाया जाना चाहिए।
  5. झालावाड में विलेज टूरिज्म, नाइट टूरिज्म विकसित किया जाए।

बारां पर्यटन स्थल

  1. बांरा जिले में पर्यटन विभाग के मुख्यालय की स्थापना की जाए।
  2. रामगढ़ में पर्यटन विभाग का एक होटल विदेशी सैलानियो को ठहरने की दृष्टि से उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
  3. भंडदेवरा मंदिर पर कराये जाने वाले विकास कार्य जल्द हो।
  4. शेरगढ़ किले में धौलपुर स्टोन का उपयोग नहीं करके इसके स्थान पर अन्य प्रकार के पत्थर और सामग्री का प्रयोग किया जाना चाहिए।
  5. कन्यादेह विलास मे म्यूजियम बनाया जाये।
  6. दिल्ली व जयपुर से कोटा आने जाने वाली कुछ ट्रेनों को बारां से चलाया जाए।
  7. बांरा जिले में ग्रामीण टूरिज्म एवं नाइट टूरिज्म विकसित किया जाए।

इस दौरान संभागीय आयुक्त उर्मिला राजोरिया ने कहा कि हाडौती के सभी पर्यटन स्थलों के जो भी सुझाव होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा सम्भाग के पदाधिकारियों ने दिये हैं, निश्चित ही यह हाडौती के पर्यटन के विकास लिए अति आवश्यक हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को इन सभी बिन्दुओं का निराकरण करके शीघ्र ही रिपोर्ट पेश करने के आदेश दिये। होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान कोटा संभाग के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बैठक को सार्थक बताते हुए संभागीय आयुक्त को आश्वस्त किया कि हम जनसहभागिता एवं जन सहयोग से हाडौती के पर्यटन को नई दिशा प्रदान करेंगे। बैठक मे यह संकल्प लिया गया कि एक वर्ष में पूरी हाड़ौती को देश प्रदेश के मानचित्र पर स्थापित कर दिया जाएगा।

बैठक में होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा संभाग के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी महासचिव संदीप पाडिया वरिष्ठ उपाध्यक्ष अलौकिक जैन सचिव कौशल बंसल कोषाध्यक्ष अंकुर गुप्ता प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जवाहर बंसल, झालावाड से वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह झाला, बूंदी से वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदीप चांदवानी, बारां से वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरिओम अग्रवाल, मनोज अग्रवाल एवं जगदीश शर्मा सहित कई होटल रिसोर्ट व्यवसाय एवं पर्यटन से जुड़े व्यवसाई एवं कई विभागों के अधिकारी मौजूद थे।