राजस्थान में रक्षाबंधन पर रोडवेज बसों में फ्री यात्रा करेंगी महिलाएं, सीएम का ऐलान

0
8

जयपुर। राजस्थान में रक्षाबंधन पर महिलाएं सरकारी बसों में फ्री में यात्रा करेंगी। सीएम भजनलाल शर्मा ने आधिकारिक तौर पर घोषणा कर दी है। बता दें रक्षाबंधन सावन की पूर्णिमा तिथि को मनाया जाता है। इस साल 19 अगस्त को रक्षाबंधन का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनेगा।

दरअसल राजस्थान सरकार ने एक आदेश जारी किया है। जिसमें बताया गया है कि रक्षाबंधन पर 19 अगस्त को प्रदेश की सभी सरकारी बसों में महिलाएं और लड़कियां फ्री यात्रा कर सकेंगी। पिछले साल भी गहलोत सरकार ने राखी के दिन महिलाओं को फ्री यात्रा की सौगात दी थी। भजनलाल सरकार ने भी उस रवायत को जिंदा रखा है।

राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि 19 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन केवल एक दिन के लिए सरकारी बसों में महिलाएं और लड़कियां फ्री यात्रा कर सकेंगी। फ्री यात्रा की यह सौगात राजस्थान की सीमा के भीतर ही मिलेगा। सरकारी बसों के कंडक्टर इस दिन महिलाओं और लड़कियों को निःशुल्क यात्रा टिकट बांटेंगे।

एसी, वोल्वो बसों में देना होगा चार्ज
आदेश में यह भी बताया गया है कि इस दिन की यात्रा के लिए अग्रिम आरक्षण की सुविधा भी देय होगी। हालांकि फ्री यात्रा की यह सौगात एसी, वोल्वों और अखिल भारतीय अनुज्ञा पत्रों पर संचालित बसों में नहीं मिलेगी।