महेश नवमी की शोभायात्रा में दिखा माहेश्वरी समाज का उल्लास एवं उत्साह

0
11

कोटा। माहेश्वरी समाज की ओर से महेश नवमी महोत्सव पर शनिवार को सासंद ओम बिरला के मुख्य आतिथ्य में ग्लोबल पब्लिक स्कूल से माहेश्वरी पब्लिक स्कूल तक हर्षोल्लास के साथ शोभायात्रा निकाली गई। इस अवसर पर विधायक संदीप शर्मा एवं भारतीय जनता पार्टी कोटा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन के सानिध्य में भाजपा पदाधिकारियों ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया।

शोभायात्रा जवाहर नगर थाना, सेन्ट्रल पब्लिक स्कूल, खण्डेलवाल नर्सिंग होम, महावीर नगर तृतीय, मीरा मार्केट, हनुमान मंदिर, शिव ज्योति कान्वेंट स्कूल होती हुई माहेश्वरी पब्लिक स्कूल श्रीनाथपुरम पहुंची।शोभा यात्रा का पूरे मार्ग में सर्व समाज, व्यापारिक संगठन, सामाजिक संगठनों, राजनीतिक प्रतिनिधियो, माहेश्वरी परिवारों द्वारा पुष्प वर्षा, शीतल पेय पदार्थ से भव्य स्वागत किया।

शोभा यात्रा में शामिल सभी माहेश्वरी बंधु पारम्परिक परिवेश में थे। साथ में सामाजिक, धार्मिक झांकियां, बैंड बाजे, शहनाई नगाड़ा ढोल, 21 पंडितों द्वारा मंत्र उच्चारण  एवं गिरिराज मित्र मंडल के प्रमुख भजन गायक गोविंद माहेश्वरी के साथ भजनों की सरिता बहाते हुए चल रहे थे।

एकता का परिचायक है महेश नवमी पर्व
सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि सांसद ओमकृष्ण बिरला ने समाज के 251 प्रतिभाओं एवं भामाशाहों को मंच पर सम्मानित किया। उन्होंने इस मौके पर कहा कि इस पर्व का महत्व एकता और विश्वास को प्रकट करने में है। माहेश्वरी समाज के लोग देश विदेश में नाम कमा रहे हैं। सेवा समर्पण और त्याग माहेश्वरी समाज का चरित्र है। यह पर्व सामाजिक और धार्मिक एकता को प्रोत्साहित करता है और लोगों को एकजुट होने के लिए प्रेरित करता है। इसके अलावा, यह पर्व धार्मिक उत्सव के रूप में लोगों को भगवान शिव के प्रति अपनी श्रद्धा और विश्वास का अभिव्यक्ति करने का एक अवसर प्रदान करता है।

त्याग और सदाचार का संकल्प
अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के पश्चिमांचल के उपसभापति राजेश कृष्ण बिरला ने कहा कि महेश नवमी का पर्व समाज में सद्भाव, शांति और एकता के बंधन को मजबूत करने की राह दिखाता है। यह पर्व हमें भगवान शिव के विराट व्यक्तित्व का अनुसरण करने की सीख देता है। श्री माहेश्वरी समाज सदैव जनसेवा की मिसाल पेश करता है।

डिस्पोजल फ्री महाप्रसादी
हर वर्ष की भांति इस बार भी महाप्रसादी का आयोजन डिस्पोजल फ्री रहा। शोभायात्रा के बाद समाज की ओर से आयोजित हजारों माहेश्वरी बंधु एवं अन्य समाज के पदाधिकारियों ने महाप्रसाद ग्रहण किया।

140 शिवलिंग का महाभिषेक
इससे पूर्व सुबह 8 बजे झालावाड़ रोड स्थित माहेश्वरी भवन पर करीब 140 जोड़ों ने भगवान शिव का महाभिषेक किया। समन्वयक राजेश माहेश्वरी ने बताया कि शुरू में 130 शिवलिंग के हिसाब से व्यवस्था की गई थी बाद में 10 जोड़े और आने पर उनकी व्यवस्था की गई , इस तरह 140 शिवलिंगों का महाभिषेक हुआ।
मुख्य समन्वयक महेश चंद अजमेर ने बताया कि इसके अलावा श्री चारभुजा मंदिर, सती चबूतरा पाटनपोल, नीलकंठ महादेव मंदिर टिपटा, गोविंद देव जी मंदिर गढ पैलेस पर पूजन व अभिषेक किया गया।