कांग्रेस की तीसरी सूची में भी धारीवाल और डॉ. जोशी का नाम नहीं

0
54

कहीं हाईकमान के खिलाफ बगावत के कारण तो नहीं

जयपुर। Third list of Congress candidates: राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 के लिए कांग्रेस ने प्रत्याशियों की तीसरी सूची जारी कर दी। इस तीसरी सूची में 19 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं लेकिन पार्टी के दिग्गज नेता और कैबिनेट मंत्री शांति धारीवाल और डॉ. महेश जोशी का नाम शामिल नहीं किया गया है।

इन दोनों दिग्गज नेताओं का नाम शामिल नहीं होने से सियासी गलियारों में यही चर्चाएं हो रही है कि क्या पार्टी हाईकमान के खिलाफ बगावत करने के कारण इन्हें वंचित रखा जा रहा है। हालांकि अभी तक इन दोनों नेताओं की सीट से किसी प्रत्याशी का नाम घोषित नहीं किया गया है। ऐसे में इन दोनों मंत्रियों को टिकट की उम्मीद है।

दो दिन पहले जलदाय मंत्री डॉ. महेश जोशी गोवर्धन पहुंचे। वहां उन्होंने गिरिराज जी महाराज के दर्शन किए और 21 किलोमीटर की परिक्रमा की। डॉ. जोशी ने दंडवत होकर अपने इष्ट देव से मन्नत मांगी। चूंकि फिलहाल पार्टी ने उन्हें प्रत्याशी घोषित नहीं किया। ऐसे में शायद उन्होंने टिकट दिए जाने की मन्नत भी मांगी होगी लेकिन पार्टी की ओर घोषित प्रत्याशियों की तीसरी सूची में उनकी यह मन्नत पूरी नहीं हो सकी।

25 सितंबर 2022 में कैबिनेट मंत्री शांति धारीवाल और महेश जोशी की अगुवाई में कांग्रेस हाईकमान के खिलाफ बगावत हुई थी। सोनिया गांधी के आदेश पर राजस्थान में मुख्यमंत्री निवास पर विधायक दल की बैठक होनी थी।

धारीवाल, जोशी और आरटीडीसी के चेयरमैन धर्मेन्द्र राठौड़ ने गहलोत समर्थक करीब 80 विधायकों के साथ विधायक दल की बैठक का बहिष्कार किया। मुख्यमंत्री निवास पर सीएम अशोक गहलोत, तत्कालीन मुख्य पर्यवेक्षक मल्लिकार्जुन खरगे, तत्कालीन प्रदेश प्रभारी अजय माकन सहित कुछ विधायक इंतजार करते रहे लेकिन करीब 80 विधायक बैठक में नहीं पहुंचे।

नोटिस जारी लेकिन कार्रवाई नहीं
अनुशासनहीनता के मामले में कांग्रेस हाईकमान ने शांति धारीवाल, महेश जोशी और धर्मेन्द्र राठौड़ को नोटिस जारी किया। उन्हें 10 दिन में जवाब देने के आदेश दिए। दिन गुजरते गुजरते साल बीत गया लेकिन इन तीनों नेताओं के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। हालांकि पार्टी हाईकमान के खिलाफ बगावत के मामले में सीएम अशोक गहलोत ने माफी मांगी थी।

200 में से 95 प्रत्याशियों के नाम किए घोषित
खास बात यह भी है कि भाजपा विधायक शोभारानी कुशवाह जिन्होंने एक दिन पहले ही झुंझुनूं में हुई प्रियंका गांधी की सभा में कांग्रेस का दामन थामा। उन्हें भी पार्टी की ओर से प्रत्याशी घोषित कर दिया गया है। बसपा के टिकट पर चुनाव जीतकर कांग्रेस में शामिल हुए वाजिब अली और एक निर्दलीय विधायक का नाम भी प्रत्याशियों की सूची में शामिल किया गया है। कांग्रेस अब तक 95 प्रत्याशियों के नाम घोषित कर चुकी है। पहली सूची में 33 और दूसरी में 43 प्रत्याशियों के नामों के बाद अब तीसरी सूची में 19 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं।