बहनों के जीवन को समृद्ध और खुशहाल बनाएंगेः स्पीकर बिरला

0
49

लोक सभा अध्यक्ष ने पोलाइकलां क्षेत्र में बंधवाया रक्षा सूत्र

कोटा। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला और पूर्व विधायक हीरा लाल नागर ने सोमवार को सांगोद क्षेत्र के पोलाइकलां गांव में महिलाओं से रक्षा सूत्र बंधवाया। इस अवसर पर स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि हम बहनों के जीवन से संघर्ष और चुनौती को दूर कर उनका जीवन समृद्ध और खुशहाल बनाएंगे।

कौशलम फार्म हाउस में आयोजित ‘‘लाडली बहना‘‘ कार्यक्रम में स्पीकर बिरला और पूर्व विधायक नागर को राखी बांधने के लिए महिलाओं में उत्साह नजर आया। महिलाओं ने दोनों को तिलक लगाकर रक्षा सूत्र बांधा और उनकी लम्बी उम्र के लिए प्रार्थना की। स्पीकर बिरला ने भी महिलाओं को धन्यवाद दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिरला ने कहा कि महिलाओं के मन में सदैव सेवा और संवेदना की भावना होती है। वह स्वयं कष्ट सहती हैं, लेकिन परिवाजनों के सुख की कामना करती हैं। यह बहनें भी अपनी जीवन में खुशी की अनुभूति करें, इसका दायित्व हमारा है। आज इन महिलाओं से स्नेह और समर्पण का रिश्ता स्थापित किया। अब इन महिलाओं के जीवन में हम खुशहाली भी लाएंगे।

पूर्व विधायक हीरालाल नागर ने कहा कि लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला की राजनीति सेवा और संवेदना पर आधारित रही है। उन्होंने सदैव क्षेत्र की जनता के कल्याण को प्राथमिकता दी है। बहनों से राखी बंधवा कर उन्होंने आज पूरे परिवार से एक नया रिश्ता बनाया है।

मां को याद कर भावुक हुए बिरला
कार्यक्रम के दौरान अपनी दिवंगत मां श्रीमती शकुंतला देवी को याद कर स्पीकर बिरला भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि मां पूरे परिवार के दायित्व को संभालते हुए भी हम भाइ-बहनों का ध्यान रखती थी। सार्वजनिक जीवन में आने के बाद जब हम देर रात घर लौटते थे तो भी वह जागती मिलती थी कि बेटे को गर्म भोजन मिले। दुनिया की कोई भी मां हो उसके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए शब्द और विचार कम पड़ जाएंगे।

यह भी रहे कार्यक्रम में उपस्थित
कार्यक्रम में जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल, देहात जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर, सुल्तानपुर प्रधान कृष्णा शर्मा, सांगोद उपप्रधान ओम नागर अडूसा, समाज सेवी गणपत शर्मा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष आशा त्रिवेदी, जिला उपाध्यक्ष मनीष शर्मा, जिला परिषद सदस्य राजनीता मेघवाल, मंडल अध्यक्ष सरोज यादव , मंडल अध्यक्ष मुकुल नागर, पस सदस्य विजय लक्ष्मी तिवारी, जगदीश मेघवाल ,विशाल गोचर, ममता बैरवा, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष हेमराज गोचर, मण्डल अध्यक्ष किसान मोर्चा जगमोहन नागर, मण्डल अध्यक्ष ओबीसी मोर्चा बृजराज गुर्जर, एसटी मोर्चा मंडल अध्यक्ष धनुष बिहारी मीणा, मंडल अध्यक्ष नरेन्द्र शर्मा, बुद्धिप्रकाश मीणा, पन्नालाल मालव, महावीर मीणा, हेमराज मेहरा आदि मौजूद रहे।