कोटा दशहरा 2022: पहली ट्रांसजेंडर नृत्यांगना देविका का कत्थक नृत्य आज

0
184

कोटा। राष्ट्रीय मेला दशहरा में गुरुवार को शाम 7.30 बजे विजयश्री रंगमंच पर कत्थक नृत्य की प्रस्तुति होगी। मेला समिति अध्यक्ष मंजू मेहरा ने बताया कि कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश ट्रांसजेंडर वेलफेयर बोर्ड में स्टेट एक्जीक्यूटिव मेंबर व एडवाइजर देविका देवेंद्र एम मंगलामुखम् कत्थक नृत्य की प्रस्तुति देंगी।

देविका पहली ट्रांसजेंडर कत्थक नृत्यांगना हैं। वहीं दशहरा मेला में भी पहली बार ट्रांसजेंडर समुदाय से किसी नृत्यांगना द्वारा कार्यक्रम की प्रस्तुति दी जा रही है। देविका राजस्थान के धौलपुर की रहने वाली हैं। उनके बचपन का नाम देवेंद्र था। वे लखनऊ घराने की कत्थक नृत्यांगना लच्छु महाराज और उनकी शिष्या कपिला राज शर्मा से जुड़ी रही हैं।

मेला अधिकारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि देविका दिल्ली विश्वविद्यालय कैंपस से पोस्ट डॉक्टरेट इन इंग्लि्श लिट्रेचर करने वाली पहली ट्रांसजेंडर हैं। उन्होंने मिरांडा हाउस से पोस्ट डॉक्टरेट किया है। देविका ने राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई मंचों पर नाट्य प्रस्तुति दी है।

वे राष्ट्रीय मीरा सम्मान पाने वाली पहली ट्रांसजेंडर कथक नृत्यांगना हैं। वहीं आईसीसीआर की इम्पैनल्ड कलाकार तथा दूरदर्शन की भी लिस्टेड कलाकार हैं। वे उत्तर प्रदेश ट्रांसजेंडर वेलफेयर बोर्ड में स्टेट एक्जीक्यूटिव मेंबर व एडवाइजर भी हैं।

देविका खजुराहो महोत्सव, स्वप्न सुंदरी महोत्सव, ताज महोत्सव, मैसूर दशहरा उत्सव आदि में शिरकत कर चुकी हैं। वे विदेशों में भी कईं बार प्रस्तुतियां दे चुकी हैं। वहीं ‘समानता का सम्मान’ नाम से एनजीओ भी चला रही हैं।