BJP नेताओं का गहलोत के खिलाफ ट्विटर पर ट्रेंड हो रहा #AntiHinduGehlot

0
224

जयपुर। राजस्थान के भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खिलाफ ट्विटर कैम्पेन चलाया है। ‘एंटी हिन्दु गहलोत’ (#AntiHinduGehlot) हैशटेग के साथ चलाया जा रहे इस केैम्पेन इसकी शुरुआत उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने की। राठौड़ ने सबसे पहले सुबह 9 बजकर 51 मिनट पर ट्वीट किया।

इसमें राठौड़ ने लिखा कि कोटा, बीकानेर और अजमेर में धार्मिक जुलूसों व त्यौहार पर यकायक धारा 144 लागू करना, धर्म के आधार पर बिजली कटौती नहीं करने का आदेश देना और करौली हिंसा का ठीकरा जयकारों पर फोड़ना, यह सब गहलोत राज में तुष्टीकरण की राजनीति नहीं तो और क्या है। इसके कुछ देर बाद भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया सहित प्रदेश के कई नेताओं ने ‘एंटी हिन्दु गहलोत’ हैशटेग के साथ धड़ाधड़ ट्वीट करना शुरू कर दिए।

नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, जयपुर ग्रामीण लोकसभा सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने दो-दो तीन तीन ट्वीट किए। प्रदेश प्रवक्ता और चौमूं से भाजपा विधायक रामलाल शर्मा ने ‘एंटी हिन्दु गहलोत’ हैशटेग के साथ एक घंटे में 17 ट्वीट किए। इसके बाद हजारों लोगों ने इसे रीट्वीट करते हुए कमेंट किए। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी इस हैशटैग के साथ ट्वीट किया है।

सुबह 9 बजकर 51 मिनट पर शुरू हुआ यह ‘एंटी हिन्दु गहलोत’ हैशटेग दोपहर 12 बजे तक ट्वीटर पर ट्रेंड हो गया। हजारों की संख्या में बीजेपी कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों ने भाजपा नेताओं द्वारा किए गए ट्वीट को रीट्वीट किया। इस हैशटेग से जरिए अशोक गहलोत की छवि को हिन्दु विरोधी दर्शाने का प्रयास किया गया।

साथ ही करौली में हुई हिंसा की घटनाओं और कोटा, बीकानेर और अजमेर में धार्मिक कार्यक्रम से पहले धारा 144 लगाने से जुड़ी खबरों को अटैच किया। अलग अलग तरह के मीम्स बनाकर गहलोत की तस्वीरें जोड़ी गई। करौली में हुई हिंसा को गहलोत सरकार की विफलता करार देते हुए इसकी तुलना तालिबानी शासन से की गई।

नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने सुबह साढे 10 बजे एक ट्वीट किया जिसमें स्थानीय अखबार की खबर के साथ ‘एंटी हिन्दु गहलोत’ लिखा गया। इस खबर में पथराव करने वाले उपद्रवियों के शांति समिति की बैठक में शामिल होने के समाचार प्रकाशित है। 6 मिनट बाद कटारिया ने एक और ट्वीट किया। इस ट्वीट में मीम बनाया गया था।

अशोक गहलोत की एक तस्वीर पर हिंसा के दृष्य चस्पा किए गए और साथ में बड़े बड़े अक्षरों में लिखा गया कि ‘करौली हिंसा मामले में पुलिस ने खोली गहलोत को पोल।’ सुबह 11 बजकर 34 मिनट पर गुलाबचंद कटारिया ने एक और ट्वीट किया। इस ट्वीट में ‘एंटी हिन्दु गहलोत’ हैशटेग के साथ कार्टून चस्पा किया गया।

कार्टून में आगे भगवा ध्वज के साथ रैली निकालने वाले चल रहे हैं। इनके ठीक पीछे हरी टोपी और काली दाढी में समुदाय विशेष के लोगों को पत्थराबाजी करते हुए दिखाया गया है। इनके साथ पुलिसकर्मी भी हैं। साथ में यह भी लिखा गया है कि गहलोत का हाथ, दंगाइयों के साथ।