बाजार से रूस-यूक्रेन युद्ध का साया हटा, सेंसेक्स 1223 अंक बढ़कर 54647 पर बंद

0
153

मुंबई। सप्ताह के तीसरे कारोबार दिन बुधवार को शेयर बाजार पर रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध का असर कम होता दिखा। बाजार के दोनों इंडेक्स हरे निशान पर खुले और दिनभर बढ़त के साथ कारोबार किया। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स कारोबार के अंत में 1223 अंक की तेजी लेते हुए 54,647 के स्तर पर बंद हुआ, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 332 अंकों की उछाल भरकर 16,325 के स्तर पर बंद हुआ।

रिलायंस इंडस्ट्रीज का स्टॉक 5.30%, बजाज फाइनेंस 5.08% और एशियन पेंट्स 6.11% तेजी के साथ बंद हुआ। निवेशकों को करीबन 5 लाख करोड़ रुपए का फायदा हुआ है। रिलायंस और टेक महिंद्रा का शेयर 5-5% ऊपर है। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 248.53 लाख करोड़ रुपए है। कल यह 243.7 लाख करोड़ रुपए था।

सेंसेक्स आज 369 अंक ऊपर 53,793 पर खुला था। इसने 54,893 का ऊपरी स्तर और 53,367 का निचला स्तर बनाया। इसके 30 शेयर्स में केवल 4 गिरावट में हैं जबकि 26 बढ़त में। गिरने वाले प्रमुख शेयर्स में पावरग्रिड, NTPC, नेस्ले और टाटा स्टील हैं।

बढ़ने वाले प्रमुख स्टॉक में महिंद्रा एंड महिंद्रा और इंडसइंड बैंक 4-4% से ज्यादा बढ़े। बजाज फिनसर्व, मारुति, अल्ट्राटेक सीमेंट, HDFC बैंक, 3-3%से ज्यादा तेजी में रहे। टेक महिंद्रा, टाइटन, एसबीआई, हिंदुस्तान यूनिलीवर में 2-2% की बढ़त रही।

इसी तरह HDFC, लार्सन एंड टुब्रो, इंफोसिस, डॉ. रेड्‌डी, सनफार्मा, एयरटेल, ITC HCL टेक और पावरग्रिड में करीबन एक-एक पर्सेंट की तेजी है। HDFC, TCS, कोटक बैंक, एक्सिस बैंक भी तेजी में रहे।

लिस्टेड कंपनियों में से 2,656 के शेयर्स बढ़त में और 683 के गिरावट में रहे। 70 स्टॉक एक साल के ऊपरी और 20 निचले स्तर पर हैं। 501 स्टॉक अपर और 130 लोअर सर्किट में हैँ। इसका मतलब एक दिन में इनकी कीमतों में एक तय सीमा से ज्यादा न तो बढ़त हो सकती है और न ही गिरावट आ सकती है।

उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 332 अंकों की तेजी के साथ 16,345 पर बंद हुआ। यह 16,078 पर खुला था। इसने 16,418 का ऊपरी और 15,990 का निचला स्तर बनाया। इसके चार प्रमुख इंडेक्स नेक्स्ट 50, मिडकैप, बैंकिंग और फाइनेंशियल तेजी में हैं।

निफ्टी के कुल 50 स्टॉक्स में से 40 तेजी में और 10 नीचे बंद हुए। गिरने वाले प्रमुख शेयर्स में ओएनजीसी, पावरग्रिड, कोल इंडिया और एनटीपीसी रहे। बढ़ने वालों में एशियन पेंटस, बजाज फाइनेंस, रिलायंस, इंडसइंड बैंक और अन्य रहे।