मुनाफावसूली से सेंसेक्स 207 अंक गिरकर 61143 पर बंद; निफ्टी 18200 पर

0
225

मुंबई। मिलेजुले ग्लोबल संकेतों के बीच बुधवार को मुनाफावसूली से घरेलू बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 206.93 अंक या 0.34% की गिरावट के साथ 61143.33 पर और निफ्टी 57.40 अंक या 0.31% नीचे 18211.00 पर बंद हुआ। सबसे ज्यादा गिरावट मेटल, प्राइवेट बैंक और मीडिया से जुड़े शेयरों में देखने को मिली। बाजार को सरकारी बैंकों के स्टॉक्स से सपोर्ट मिला।

बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 5.71 या 0.02% की मामूली बढ़त के साथ 25,590.55 और स्मॉलकैप इंडेक्स 85.45 पॉइंट या 0.30% बढ़कर 28,534.45 के लेवल पर बंद हुआ।

11 में से 6 इंडेक्स लाल निशान में
NSE के सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो 11 में से 6 इंडेक्स लाल निशान में और 5 इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए। सबसे ज्यादा गिरावट निफ्टी मीडिया (2.03%), निफ्टी मेटल (1.52%) और निफ्टी प्राइवेट बैंक (1.37%) में देखने को मिली। वहीं निफ्टी के पीएसयू बैंक इंडेक्स में 2.05% की तेजी रही।

इससे पहले मंगलवार को सेंसेक्स 383 पॉइंट यानी 0.63% की मजबूती के साथ 61,350 पॉइंट पर और निफ्टी 143 पॉइंट यानी 0.79% चढ़कर 18,268 पॉइंट पर बंद हुआ था।