RIL ने रचा नया इतिहास, मार्केट कैप पहली बार 18 लाख करोड़ के स्तर पर

0
368

मुंबई। मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज ने नया इतिहास रचा है। शुक्रवार के दिन भारतीय शेयर बाजार में रिलायंस इंडस्ट्रीज के मार्केट कैपिटल ने 18 लाख करोड़ रुपए के स्तर को छु लिया। ये पहली बार है जब किसी भारतीय कंपनी का मार्केट कैपिटल इस स्तर तक पहुंचा है।

शेयर भी ऑल टाइम हाई पर: रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर भाव भी अपने ऑल टाइम हाई पर है। बाजार बंद होने पर रिलायंस का शेयर भाव 2670.85 ( 3.84 फीसदी तेजी) था। कारोबार के दौरान शेयर का भाव 2,683.90 रुपए तक पहुंचा था। इसी दौरान मार्केट कैपिटल ने भी 18 लाख करोड़ रुपए के ऐतिहासिक स्तर को छु लिया। हालांकि, कारोबार के अंत में मार्केट कैपिटल एक बार फिर कम होकर 15 लाख करोड़ से नीचे आ गया।

रिलायंस के पीछे टीसीएस: मार्केट कैपिटल के मामले में रिलांयस के पीछे टाटा की आईटी कंपनी टीसीएस है। बीएसई इंडेक्स पर टीसीएस का मार्केट कैपिटल 14 लाख 55 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा है। टीसीएस के बाद निजी क्षेत्र के एचडीएफसी बैंक का नंबर आता है। एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैपिटल 8.89 लाख करोड़ रुपये के स्तर पर है।

निवेशकों को दो दिन में इतना मुनाफा: शेयर बाजार में पिछले दो दिन की तेजी से निवेशकों की संपत्ति 4,16,413.43 करोड़ रुपये बढ़ गयी है। बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण शुक्रवार को रिकॉर्ड 266.36 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। आपको बता दें कि शुक्रवार को बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 381.23 अंक या 0.64 प्रतिशत के उछाल से 60,059.06 अंक पर बंद हुआ। बृहस्पतिवार को यह 488.1 अंक की बढ़त के साथ 59,677.83 पर बंद हुआ था।