सोने का आयात सितंबर में साढ़े 6 गुना बढ़ा, प्री-कोविड लेवल से भी 250% ज्यादा

0
245

नई दिल्ली। त्योहारों के बीच देश में सोने की मांग पटरी पर लौट आई है। बीते महीने यानी सितंबर में 91 टन सोने का आयात हुआ। यह सितंबर 2020 के मुकाबले 658% और कोविड महामारी शुरू होने से पहले यानी सितंबर 2019 के मुकाबले 250% ज्यादा है। पिछले साल के मुकाबले सोने की कीमतों में 20% कमी और इस साल त्योहारों में बेहतर मांग की संभावना ने सोने का आयात बढ़ा दिया है।

पिछले साल सितंबर में सिर्फ 12 टन सोने का आयात हुआ था। सितंबर 2019 में भी केवल 26 टन सोने का आयात हुआ था। तब कीमतें करीब 26% बढ़ गई थीं, जिसके चलते मांग कमजोर हो गई थी। लेकिन इस साल सितंबर में सोने का आयात उछलकर 91 टन हो गया। सरकारी सूत्रों ने बताया कि बीते माह 37,898 करोड़ का सोना आयात किया गया। इसके मुकाबले बीते साल सितंबर में सिर्फ 4,466 करोड़ रुपए के सोने का आयात हुआ था। इस हिसाब से बीते महीने सोना आयात 748% बढ़ा है।

अक्टूबर में और बढ़ सकता है आयात
सोने का आयात बढ़ने का सिलसिला अक्टूबर में भी जारी रह सकता है। इस महीने दशहरा और फिर अगले महीने दिवाली है। इस बीच कई ऐसे मौके आते हैं, जब सोना खरीदना शुभ माना जाता है। केडिया एडवायजरी के डायरेक्टर अजय केडिया ने कहा है कि इस माह ज्यादा सोना आयात हो सकता है। मांग जोरदार रहेगी, लिहाजा कीमतों में तेजी की भी संभावना है।