सलमान ख़ान का शो बिग बॉस-14 TRP को तरसा, अनुपमा अब भी पहले स्थान पर

0
725

नई दिल्ली। साल 2021 के चौथे हफ़्ते की टीआरपी लिस्ट आ गयी है और टॉप 5 टीवी शोज़ में नये शोज़ की बढ़त जारी है। हालांकि, कुछ पुराने शोज़ ने भी अपना दमख़म दिखाया है। छोटे पर्दे के लोकप्रिय शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा को इस हफ़्ते भी निराशा हाथ लगी और टॉप 5 में नहीं आ सका। वहीं, सलमान ख़ान का शो बिग बॉस 14 नये साल में भी टीआरपी के लिए जूझता दिख रहा है।

गुरुवार को BARC ने 23 से 29 जनवरी के हफ़्ते की लिस्ट जारी की, जिसके मुताबिक शहरी इलाकों में स्टार प्लस के शो अनुपमा ने पहले स्थान पर अपना क़ब्ज़ा बरकरार रखा है। रूपा गांगुली और सुधांशु पांडे की मुख्य भूमिकाओं वाल शो लगातार कई हफ़्तों से पहले स्थान पर बना हुआ है।

दूसरे स्थान पर भी स्टार प्लस का ही शो इमली है। यह पिछले हफ़्ते भी दूसरे स्थान पर ही था। यह अपेक्षाकृत नया शो है। इसका प्रसारण 2020 के नवम्बर महीने में शुरू हुआ था, मगर शो ने तेज़ी से लोकप्रियता हासिल की। शो में सुम्बुल तौकीर ख़ान टाइटल रोल में हैं, जबकि गशमीर महाजनी और मयूरी देशमुख अहम किरदारों में हैं।

तीसरे स्थान पर भी स्टार प्लस का ही शो गुम है किसी के प्यार में रहा। पिछले हफ़्ते भी शो इसी पोजिशन पर आया था। यह शो अक्टूबर 2020 में प्रसारित होना शुरू हुआ था। शो में नील भट्ट, आएशा सिंह और ऐश्वर्या शर्मा मुख्य किरदारों में हैं।

चौथे स्थान पर ज़ी टीवी का शो कुंडली भाग्य है। पिछले हफ़्ते भी शो की यही स्थिति थी। कुंडली भाग्य बेहद चर्चित और टीवी के सबसे लम्बे चलने वाले शोज़ में शामिल है। यह शो 2017 से लगातार प्रसारित किया जा रहा है। शो में श्रद्धा आर्या और धीरज धूपर मुख्य किरदार निभाते हैं।

पांचवें स्थान पर स्टार प्लस का ही शो यह रिश्ता क्या कहलाता है रहा। यह भी टीवी के सबसे लम्बा चलने वाले शोज़ में शामिल है शो का प्रसारण 2009 में शुरू हुआ था। शो की कास्ट में वक़्त के साथ काफ़ी बदलाव आये हैं। फ़िलहाल शिवांगी जोशी और मोहसिन ख़ान मुख्य किरदारों में शामिल हैं। यह रिश्ता क्या कहलाता है ने ज़ी टीवी के शो कुमकुम भाग्य को रिप्लेस किया, जो पिछले हफ़्ते पांचवीं पोजिशन पर था।

अब अगर ग्रामीण क्षेत्रों की बात करें तो यहां ज़ी अनमोल के शोज़ तुझसे है राब्ता पहले और कुंडली भाग्य पहले और दूसरे स्थानों पर रहे। स्टार उत्सव के शो साथ निभाना साथिया और यह रिश्ता क्या कहलाता है तीसरे और चौथे स्थानों पर आये हैं, वहीं ज़ी टीवी का शो कुंडली भाग्य पांचवें स्थान पर रहा है।