कोटा। महावीर नगर अग्निशमन केंद्र के पास स्थित न्यू बालाजी मार्केट योजना में हरितिमा पट्टी की भूमि पर पक्के निर्माण और अतिक्रमण का मामला सामने आया है। विवांता अपार्टमेंट के निवासियों ने इस संबंध में नगर निगम आयुक्त को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
अध्यक्ष सुरेंद्र जैन एवं सचिव नरेंद्र मित्तल ने बताया कि अपार्टमेंट की दीवार से सटी खाली भूमि नगर निगम ने हरितिमा पट्टी के लिए छोड़ी थी, लेकिन आरोप है कि प्लॉटधारकों ने इस पर पक्के निर्माण कर पार्किंग और रैंप बना लिए हैं। यहां कचरा जमा होने से गंदगी और बीमारियां फैलने की आशंका भी जताई गई है।
निवासियों ने बताया कि इस मामले में 23 दिसंबर, 2024 को कोटा विकास प्राधिकरण के सचिव को लिखित शिकायत दी गई थी। इसके बाद भी कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं होने का आरोप है।
क्षेत्रवासियों ने यह भी चिंता जताई कि यहां से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही है। ऐसे में उसके नीचे निर्माण से गंभीर हादसे का खतरा हो सकता है। उन्होंने अतिक्रमण हटाकर हरितिमा पट्टी को पार्क के रूप में विकसित करने तथा वहां बच्चों के लिए झूले और लोगों के बैठने के लिए बेंच लगाने की मांग की है।
विवांता अपार्टमेंट के निवासियों ने पार्क को गोद लेकर नगर निगम के सहयोग से आवश्यक सुविधाएं विकसित करने की भी इच्छा जताई है।

