कोटा। संपूर्ण राजस्थान में भ्रमण कर रही ‘लोकमंथन परिक्रमा यात्रा’ का 19 अक्टूबर को कोटा महानगर में भव्य आगमन होगा।
कार्यक्रम के सह-संयोजक राजेंद्र मोरपा ने जानकारी देते हुए बताया कि यात्रा 19 अक्टूबर को प्रातः 9:00 बजे कोटा-बूंदी की बावड़ी से दुपहिया वाहन रैली के साथ महानगर में प्रवेश करेगी। इसके बाद रैली प्रातः 9:30 बजे महावीर नगर तृतीय चौराहे पर पहुंचेगी, जहां राष्ट्रीय सेविका समिति की बहनों द्वारा यात्रा का पारंपरिक व मांगलिक अभिनंदन किया जाएगा।
सह-संयोजक राजेंद्र मोरपा ने आगे बताया कि प्रातः 10:00 बजे स्वामी विवेकानंद विद्या निकेतन स्थित रामशांताय सभागार में प्रबुद्ध जन गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इस गोष्ठी का मुख्य विषय ‘भारतीय संविधान का मूल स्वर: हम भारत के लोग’ रहेगा, जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय कार्यवाह जसवंत जी खत्री का मुख्य मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
गोष्ठी के पश्चात विभिन्न प्रकार के शारीरिक प्रदर्शन, मलखंब, खेल एवं लोक संस्कार पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। अंत में प्रज्ञा प्रवाह द्वारा हाड़ौती क्षेत्र की प्रतिभाओं को सम्मानित किए जाने के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन होगा।

