मिल-जुलकर समस्याओं का समाधान करना ही सहकारिता का मूल उद्देश्य: स्पीकर बिरला

0
14

हितकारी समिति की आमसभा में 9% लाभांश व 16% प्रोत्साहन राशि की घोषणा

कोटा। श्री हितकारी विद्यालय सहकारी शिक्षा समिति की वार्षिक आमसभा एवं सम्मान समारोह रविवार को झालावाड़ रोड स्थित माहेश्वरी भवन में आयोजित किया गया। अध्यक्ष सूरज बिरला ने बताया कि  लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि रहे, जबकि  रेडक्रॉस के स्टेट चेयरमैन व कोटा नागरिक सहकारी बैंक अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने अध्यक्षता की।

समारोह में 70 वर्ष से अधिक आयु के 69 वरिष्ठ सदस्यों को माला, शॉल और प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया गया। सभा में वार्षिक प्रतिवेदन और आय-व्यय के ब्यौरे को ध्वनिमत से पारित किया गया।

मुख्य अतिथि ओम बिरला ने सहकारिता के क्षेत्र में समिति के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था अनेक लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बनी है। उन्होंने कहा कि सहकारिता का मूल उद्देश्य मिल-जुलकर समस्याओं का समाधान करना है। सामूहिक प्रयासों से संगठन मजबूत होता है और राष्ट्र निर्माण को गति मिलती है।

सदस्यों के विश्वास से 700 करोड़ का कारोबार: समिति के अधिशासी अधिकारी राजेश कृष्ण बिरला ने कहा कि संस्था हमेशा अपने सदस्यों के साथ खड़ी रही है। जरूरत के समय ऋण सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक संबल दिया जाता है। संस्था का उद्देश्य सदस्यों को सूदखोरों के आर्थिक शोषण से बचाना है। उन्होंने बताया कि समिति सोने के आभूषणों के बदले सुरक्षित और कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराती है। गोल्ड लोन की प्रक्रिया लगभग पांच मिनट में पूरी की जाती है और ऋण की दर 80 पैसे प्रति सैकड़ा बताई गई।

राजेश कृष्ण बिरला ने बताया कि सदस्यों के विश्वास और सहयोग से संस्था ने लगातार प्रगति की है। उन्होंने बताया कि समिति में सदस्यों की 149 करोड़ 81 लाख रुपये की मियादी अमानतें जमा हैं, जबकि सदस्यों को 58 करोड़ 74 लाख रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया है।

संस्था के विभिन्न कोषों में 9 करोड़ 41 लाख रुपये और सदस्यों की अंश पूंजी के रूप में 3 करोड़ 36 लाख रुपये जमा हैं। समिति ने विभिन्न बैंकों में 140 करोड़ रुपये का निवेश कर रखा है। संस्था की कार्यशील पूंजी 249 करोड़ रुपये और टर्नओवर 700 करोड़ रुपये है। गत वर्ष समिति ने 44.54 लाख रुपये से अधिक का मुनाफा अर्जित किया।

विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि समिति अपने सदस्यों को 9 प्रतिशत लाभांश और 16 प्रतिशत प्रोत्साहन राशि के रूप में कुल 25 प्रतिशत राशि वितरित करती है। उन्होंने इसे सहकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय पहल बताया। विधायक कल्पना देवी ने कहा कि नवरात्र शक्ति की उपासना का पर्व है और महिलाएं परिवार की शक्ति हैं।

उपभोक्ता होलसेल भंडार के अध्यक्ष हरिकृष्ण बिरला ने समिति की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि राजेश कृष्ण बिरला और सूरज बिरला के नेतृत्व में संस्था निरंतर प्रगति कर रही है। महापौर अनसुइया गोस्वामी और उपमहापौर विवेक राजवंशी ने कहा कि सहकारिता संस्थाओं का लाभ में रहते हुए जनहित में काम करना सराहनीय है।

भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि समिति ने कम ब्याज दर पर जरूरतमंदों को ऋण उपलब्ध कराकर समाज में सम्मानजनक स्थान बनाया है। उन्होंने सहकारिता के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया।

28 वर्षों से ‘अ’ श्रेणी में वर्गीकृत: समिति की अध्यक्ष सूरज बिरला ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए आय-व्यय का ब्यौरा, साधारण सभा की कार्यवाही की पुष्टि, वित्तीय स्वीकृतियों और अंकेक्षण रिपोर्ट का विवरण रखा। सदन ने ध्वनिमत से प्रतिवेदन पारित किया। उन्होंने बताया कि समिति राजस्थान की ऐसी स्वायत्तशासी संस्था है, जो सहकारिता क्षेत्र में महिला बीएड कॉलेज का संचालन कर रही है। संस्था को लगातार 28 वर्षों से ‘अ’ श्रेणी में वर्गीकृत किया जा रहा है।

ये रहे उपस्थित: समारोह में विधायक संदीप शर्मा, विधायक कल्पना देवी, उपभोक्ता होलसेल भंडार के अध्यक्ष हरिकृष्ण बिरला, महापौर अनसुइया गोस्वामी, उपमहापौर विवेक राजवंशी,भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन, अतिरिक्त रजिस्ट्रार बीना बैरवा,सहकारी विभाग अधिकारी ऋतु सपरा, सभा नंबर 108 की अध्यक्ष डॉ. मीनू बिरला, सचिव विमल जैन नांता और कोटा महिला नागरिक सहकारी बैंक की अध्यक्ष मंजू बिरला मंचासीन रहे।

इस अवसर पर समिति की उपाध्यक्ष उषा न्याती, कोषाध्यक्ष दयाकृष्ण बिरला, संचालक गोकुल दास मोहता, निशा माहेश्वरी, मंजू बिरला, संजय बिरला, रचना डंडोतिया, राहुल बिरला, महाप्रबंधक संदीप सक्सेना, शाखा प्रबंधक हेमेन्द्र जैन, राजेश शर्मा प्राचार्य मधु भारद्वाज, नागरिक बैंक के उपाध्यक्ष हेमराज सिंह हाड़ा, महेश चंद अजमेरा, राजेंद्र शारदा, सुरेश काबरा, प्रेम भाटिया और रेडक्रॉस के स्टेट सेक्रेट्री जगदीश जिंदल सहित विभिन्न सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।