किस शहर में कब होगा नगर निकाय चुनाव, जानिए कोटा समेत 6 निगमों की तारीख

0
12

जयपुर। राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान ने नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 का कार्यक्रम जारी कर दिया है। प्रदेश के प्रमुख 10 जिलों जयपुर, जोधपुर, कोटा, बीकानेर, उदयपुर, अजमेर, भरतपुर, अलवर, भीलवाड़ा और पाली के नगरीय निकाय चुनाव दो चरणों में होंगे। खास बात यह है कि इन जिलों के प्रमुख नगर निगमों में मतदान एक ही दिन नहीं होगा। चार जिलों में नगर निगम का चुनाव पहले चरण में, जबकि छह जिलों में दूसरे चरण में होगा।

दूसरे चरण में इन 6 नगर निगमों में मतदान
जयपुर, जोधपुर, कोटा, बीकानेर, उदयपुर और अजमेर के नगर निगमों में मतदान 11 सितंबर 2026, शुक्रवार को होगा।

जिलानगर निगमवार्ड
जयपुरनगर निगम जयपुर150
जोधपुरनगर निगम जोधपुर100
कोटानगर निगम कोटा100
बीकानेरनगर निगम बीकानेर80
उदयपुरनगर निगम उदयपुर80
अजमेरनगर निगम अजमेर80

इन जिलों की छोटी नगरपालिकाओं में मतदान पहले चरण में 9 सितंबर को होगा। उदाहरण के लिए जयपुर जिले में शाहपुरा, चौमूं, बगरू, चाकसू, जोबनेर, फुलेरा और सांभर समेत 18 नगरपालिकाओं के 540 वार्ड में 9 सितंबर को मतदान होगा, जबकि जयपुर नगर निगम के 150 वार्ड में 11 सितंबर को वोट डाले जाएंगे।

अजमेर जिले में पीसांगन, नसीराबाद, केकड़ी, सरवाड़, टाटोटी और सावर नगरपालिकाओं में पहले चरण में मतदान होगा। वहीं अजमेर नगर निगम के साथ किशनगढ़ और पुष्कर में दूसरे चरण में मतदान कराया जाएगा।

पहले चरण में इन 4 नगर निगमों में मतदान

भरतपुर, अलवर, भीलवाड़ा और पाली के नगर निगमों में मतदान 9 सितंबर 2026, बुधवार को होगा।

जिलानगरीय निकायवार्ड
भरतपुरनगर निगम भरतपुर65
अलवरनगर निगम अलवर65
भीलवाड़ानगर निगम भीलवाड़ा70
पालीनगर निगम पाली65

इन जिलों की अन्य नगरपालिकाओं में दूसरे चरण में मतदान होगा। भरतपुर जिले में नगर निगम भरतपुर, भुसावर और रूपवास में 9 सितंबर को मतदान होगा, जबकि वैर, बयाना, नदबई और उच्चैन में 11 सितंबर को वोट डाले जाएंगे। इसी तरह अलवर नगर निगम में पहले चरण में मतदान होगा, जबकि कठूमर, खेरली, थानागाजी, राजगढ़, लक्ष्मणगढ़, गोविंदगढ़-रामबास और बर्डोदामेव समेत अन्य नगरपालिकाओं में दूसरे चरण में मतदान कराया जाएगा।

चुनाव कार्यक्रम की प्रमुख तारीखें
लोक सूचना जारी करने की तारीख 27 अगस्त 2026 है। नामांकन की अंतिम तारीख 31 अगस्त होगी। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 1 सितंबर को होगी। नाम वापसी 3 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक की जा सकेगी। चुनाव चिन्हों का आवंटन 4 सितंबर को होगा। पहले चरण में 9 सितंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। दूसरे चरण में 11 सितंबर को इसी समयावधि में वोट डाले जाएंगे। सभी निकायों की मतगणना 14 सितंबर 2026, सोमवार को होगी।

10 जिलों में निकायवार चुनाव कार्यक्रम

  • जयपुर: पहले चरण में 18 नगरपालिकाओं के 540 वार्ड में मतदान होगा। दूसरे चरण में नगर निगम जयपुर के 150 वार्ड में मतदान होगा।
  • जोधपुर: पहले चरण में बालेसरसत्ता, भोपालगढ़, बिलाड़ा, मथानिया, तिवरी और पीपाड़सिटी के 175 वार्ड में मतदान होगा। दूसरे चरण में नगर निगम जोधपुर के 100 वार्ड में वोटिंग होगी।
  • कोटा: पहले चरण में रामगंजमंडी, सुकेत, सांगोद, इटावा और सुल्तानपुर के 160 वार्ड में मतदान होगा। दूसरे चरण में नगर निगम कोटा के 100 वार्ड में वोट डाले जाएंगे।
  • बीकानेर: पहले चरण में खाजूवाला, नोखा, देशनोक, लूणकरणसर, श्रीडूंगरगढ़ और नापासर के 190 वार्ड में मतदान होगा। दूसरे चरण में नगर निगम बीकानेर के 80 वार्ड में वोटिंग होगी।
  • उदयपुर: पहले चरण में भींडर, वल्लभनगर और फतहनगर-सनवाड़ के 70 वार्ड में मतदान होगा। दूसरे चरण में नगर निगम उदयपुर, कानोड़ और मावली के कुल 120 वार्ड में मतदान कराया जाएगा।
  • अजमेर: पहले चरण में पीसांगन, नसीराबाद, केकड़ी, सरवाड़, टाटोटी और सावर के 150 वार्ड में मतदान होगा। दूसरे चरण में नगर निगम अजमेर, नगर परिषद किशनगढ़ और पुष्कर के 165 वार्ड में वोट डाले जाएंगे।
  • भरतपुर: पहले चरण में नगर निगम भरतपुर, भुसावर और रूपवास के 115 वार्ड में मतदान होगा। दूसरे चरण में वैर, बयाना, नदबई और उच्चैन के 120 वार्ड में वोटिंग होगी।
  • अलवर: पहले चरण में नगर निगम अलवर, रामगढ़, नौगांव, मालाखेड़ा और बहादुरपुर के 165 वार्ड में मतदान होगा। दूसरे चरण में कठूमर, खेरली, थानागाजी, राजगढ़, लक्ष्मणगढ़, गोविंदगढ़-रामबास और बर्डोदामेव के 185 वार्ड में मतदान होगा।