नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच किसी भी तरह के संबंध अच्छे नहीं हैं। दोनों देशों के बीच व्यापारिक रिश्ते भी खत्म हो चुके हैं, लेकिन पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आता है।
अब एक बार फिर पाकिस्तान की बदमाशी को हमारी राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने पकड़ा है। पाकिस्तान दुबई का इस्तेमाल करके भारत में व्यापार करना चाहता था, लेकिन खुफिया टीमों ने उसके मंसूबों को पहचाना और बड़ा खुलासा किया।
PIB की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए एक अभियान में, DRI (Directorate of Revenue Intelligence) के अधिकारियों ने कांडला बंदरगाह पर Imported 364 मीट्रिक टन सूखे खजूर से भरे 13 कंटेनरों को जब्त किया है, जिनकी कीमत लगभग 3 करोड़ रुपये थी। जांच में पता चला कि माल UAE से आया हुआ बताया गया था लेकिन वास्तव में वो पाकिस्तान से आया था।
जांच से पता चला कि माल को पहले पाकिस्तान से दुबई ले जाया गया और फिर उसे दूसरे कंटेनरों में शिफ्ट करके भारत निर्यात किया गया। आयातकों पर आरोप है कि उन्होंने पाकिस्तान से इंपोर्टेड माल के आयात पर लगे प्रतिबंध से बचने के लिए जरूरी तथ्यों को छिपाया और मूल देश के बारे में गलत जानकारी दी। इसके बाद सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की संबंधित धाराओं के तहत पूरी खेप जब्त कर ली गई है।
पिछले हफ्ते, DRI के अधिकारियों ने तूतीकोरिन बंदरगाह पर लगभग 1.4 करोड़ रुपये मूल्य के लगभग 14 मीट्रिक टन पाकिस्तानी मूल के गुग्गुल राल के आयात के प्रयास का पर्दाफाश किया था। इस खेप को सोमालिया से उत्पन्न प्राकृतिक राल के रूप में गलत तरीके से घोषित किया गया था और दुबई के रास्ते भेजा गया था।
भारत और पाकिस्तान के शुष्क क्षेत्रों में पाई जाने वाली गुग्गुल राल (कॉमिफोरा राल) प्रजाति को CITEES परिशिष्ट II में सूचीबद्ध किया गया है और IUCN की रेड लिस्ट में इसे ‘अत्यंत संकटग्रस्त’ श्रेणी में रखा गया है। जांच में पता चला कि खेप में गुग्गुल राल थी, जो पाकिस्तान से आई थी और जाली दस्तावेजों का उपयोग करके इसे दूसरे देश में भेजा गया था। इस साजिश में शामिल दो व्यक्तियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
DRI लगा रही तस्करी पर लगाम
विदेश व्यापार नीति, 2023 के अनुसार, जिसे DGFT अधिसूचना संख्या 06/2025-26 दिनांक 02.05.2025 द्वारा संशोधित किया गया है, पाकिस्तान में बने या निर्यात की जाने वाली सभी वस्तुओं का डायरेक्ट-इनडायरेक्ट इंपोर्ट या ट्रांसिट 02.05.2025 से प्रतिबंधित है। दोनों मामलों में आयात उक्त प्रतिबंध का उल्लंघन पाया गया।
ये सफल अभियान तस्करी, सीमा शुल्क धोखाधड़ी और अन्य प्रकार के अवैध अंतरराष्ट्रीय व्यापार में संलग्न संगठित नेटवर्क की पहचान करने, और उन्हें तोड़ने के लिए डीआरआई के निरंतर प्रयासों को उजागर करते हैं।

