सांगोद विधानसभा क्षेत्र को मिली सौगात, 10 करोड़ की लागत की 12 नई सड़कें स्वीकृत

0
4

कोटा। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के सतत प्रयासों एवं अनुशंसा पर सांगोद विधानसभा क्षेत्र में सड़क अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण हेतु बड़ी स्वीकृति जारी की गई है।

क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुगमता प्रदान करने और ग्रामीण कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के उद्देश्य से सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा कुल 12 सड़कों के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य के लिए 10.02 करोड़ रुपए की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इन सड़कों की कुल लंबाई 27.50 किलोमीटर होगी।

​ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि सांगोद क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। लंबे समय से ग्रामीण और सुदूर क्षेत्रों के नागरिक बेहतर सड़कों की मांग कर रहे थे। इस बजट स्वीकृति से ग्रामीण इलाकों में आवागमन सुगम, सुरक्षित एवं तीव्र होगा, जिससे स्थानीय व्यापार, कृषि उपज के परिवहन और दैनिक आवाजाही को नई गति मिलेगी।

​स्वीकृत किए गए प्रमुख सड़क कार्यों में सांगोद से रसकपुरिया (कसरूपुरिया से दिल्लीपुरा) मार्ग हेतु 1.75 करोड़ रुपये (5 किमी), एसएच-51 खण्डगांव से झालरी मार्ग हेतु 1.05 करोड़ रुपए (3 किमी), गुमानपुरा से कालारिया मार्ग हेतु 92 लाख रुपये (1.80 किमी), तथा चन्द्रावला से बालापुरा मार्ग हेतु 1.09 करोड़ रुपए (2.50 किमी) की राशि स्वीकृत की गई है।

इसके अतिरिक्त लबानिया चेरल सड़क से बरां (71 लाख, 1.90 किमी), पोलाई कलां से बरगु (58 लाख, 1.40 किमी), करीरिया से घाटोल (1.05 करोड़, 3 किमी), एवं सम्पर्क सड़क तरकस्या (40 लाख, 1.30 किमी) तथा संपर्क सड़क दीगोद, बोरीना, राजगढ़ से गुरला जैसी महत्वपूर्ण नॉन-पैचेबल सड़कों का निर्माण भी इस योजना में शामिल है।

​ऊर्जा मंत्री नागर ने कहा कि इन सड़कों के बनने से सांगोद क्षेत्र के दर्जनों गांवों का आपस में तथा मुख्य राजमार्गों से सीधा जुड़ाव मजबूत होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी स्वीकृत निर्माण कार्यों को उच्च गुणवत्ता मानकों के साथ समयबद्ध सीमा में पूरा कराया जाए, ताकि आमजन को शीघ्र अति शीघ्र इसका लाभ मिल सके।