रामलीला मंचन: अयोध्या लौटे राम, गूंजे जयकारे, राज्याभिषेक हुआ, राजा बने राम

0
6

कोटा। 131वें राष्ट्रीय दशहरा मेला 2024 के अंतर्गत चल रही श्रीराम लीला का रविवार को समापन हुआ। अंतिम दिन की लीला का शुभारंभ करते हुए गुरु वशिष्ठ के साथ किशनगंज विधायक ललित मीणा, बारां के उप जिला प्रमुख राजकुमार जैन ने श्रीराम का राज्याभिषेक किया।

मेला अधिकारी जवाहरलाल जैन, अतिरिक्त मेला अधिकारी महेश चंद्र गोयल, मेला प्रभारी महावीर सिंह सिसोदिया, सदस्य सोनू धाकड़, योगेंद्र शर्मा, एक्सईएन प्रकाशचंद, महावीर सिंह चौहान, कमल, उद्यान निरीक्षक महेंद्र के द्वारा भगवान श्री राम के प्रतिरूपों का पूजन कर किया गया।

इस दौरान श्री श्यामा श्याम लीला संस्थान की ओर से सोमवार को हनुमान भक्ति लीला, राम का अयोध्या आगमन, भरत मिलाप, श्रीराम राज्याभिषेक और लव कुश की लीला का मंचन किया गया।

रावण वध कर विभीषण को लंका का राज सौपने के बाद श्रीराम के अयोध्या लौटने पर प्रजा की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। भरत और शत्रुघ्न के साथ पूरी अयोध्या भगवान राम-लक्ष्मण और माता सीता को लेने अयोध्या की सीमा पर पहुंची।

अयोध्या पहुंच भगवान राम सर्वप्रथम माता कैकेयी और फिर भाई भरत से मिले। यह दृश्य देख उपस्थित लोगों की आंखे नम हो गईं। तत्पश्चात राज्यभिषेक की तैयारी की गई। राजगद्दी पर बैठने के बाद सबसे पहले गुरु वशिष्ठ ने राजतिलक किया तो मेला परिसर भगवान श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।