सुगमता से न्याय दिलाने में अधिवक्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका: स्पीकर बिरला

0
7

कोटा। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा की पंक्ति के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सुगमता से न्याय पहुंचाने मे अधिवक्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था में न्यायपालिका को स्वतंत्र और सशक्त रखने मे आपका अमूल्य योगदान रहा है। आप देश के न्यायिक प्रणाली के प्रहरी हैं। हमे यह प्रयास करना चाहिए की धन के अभाव मे कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित न रहे।

स्पीकर बिरला शनिवार को बार एसोसिएशन, कोटा द्वारा आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा की बार एसोसिएशन एक ऐसा स्तंभ है जो न्याय व्यवस्था की नींव को मजबूती देता है। विधि और न्याय के क्षेत्र में आपकी भूमिका सिर्फ कानूनी मामलों का समाधान नहीं है, बल्कि आप समाज को न्याय और समानता के मार्ग पर ले जाने वाले मार्गदर्शक भी हैं।

उन्होंने कहा की स्वतंत्रता संग्राम मे भी देश के अधिवक्ताओं की बड़ी भूमिका रही है। महात्मा गांधी ने अधिवक्ता के रूप विदेशी धरती पर अन्याय होते हुए देखा और भारत लौटने पर एक ऐसा आंदोलन खड़ा किया जिसमे समाज की सक्रिय भागीदारी थी। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम को एक नई दिशा दी।