‘विचित्र’ लगातार चौथी बार सर्राफा बोर्ड कोटा के अध्यक्ष निर्वाचित

0
339

कोटा। प्रतिष्ठित व्यापारिक संस्था श्री सर्राफा बोर्ड के सत्र 2021-22 की नई कार्यकारिणी के चुनाव बुधवार की रात को न्यू सर्राफा मार्केट के सभागार में संपन्न हुए। जिसमें सुरेन्द्र गोयल विचित्र लगातार चौथी बार निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित किए गए।

चुनाव अधिकारी माणकचन्द सोनी ने बताया कि सचिव पद पर विवेक कुमार जैन, उपाध्यक्ष सुशील लोहिया, कोषाध्यक्ष ओम प्रकाश सोनी एवं संयुक्त सचिव दीपक जैन मेवाड़ा का निर्वाचन हुआ। इसके अतिरिक्त कार्यकारिणी सदस्यों में आनंद राठी, रामस्वरूप गोयल, पुरुषोत्तम पुरोहित, राधेश्याम मित्तल, महेन्द्र सोनी एवं योगेश सोनी ‘मोनी’ को निर्वाचित किया गया।

इससे पूर्व संस्था अध्यक्ष विचित्र ने दो साल की सेवा गतिविधियों को प्रस्तुत करते हुए कहा कि संस्था ने पर्यावरण संरक्षण हेतु हजारों की संख्या में कपड़े के थैले वितरित किए। न्यू सर्राफा मार्केट में दीपावली पर गोबर के दीपक दिए। कोरोना से बचाव हेतु सर्राफा व्यापारियों को होम्योपैथी दवा एवं आयुर्वेदिक काढ़ा पिलाया। रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। जिसमें 240 यूनिट रक्तदान हुआ।

विचित्र ने बताया कि कोरोना काल में संस्था ने उल्लेखनीय कार्य किए हैं। 9 ऑक्सीजन कंस्ट्रेकटर मशीन से रोगियों को राहत दिलाई एवं 6 लाख रुपए से इंदिरा रसोई योजना के माध्यम से जरुरतमंदों को भोजन कराया। संस्था ने कोरोना योद्धा के रूप में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों का सम्मान भी किया।

उन्होंने कहा कि 20 कैरेट सोने के जेवरात पर हॉलमार्क स्वीकृति दिलवाने एवं जटिल प्रक्रिया का सरलीकरण करने में संस्था ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस वर्ष संस्था द्वारा बालाजी मार्केट योजना में न्यास द्वारा आवंटित भूखंड पर अत्याधुनिक ज्वैलर्स मॉल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।