राहुल की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ गुडली से शुरू नहीं होने से ग्रामीण हुए निराश

175

-कृष्ण बलदेव हाडा-
अरनेठा। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को राजस्थान में दूसरे चरण की यात्रा बूंदी जिले के केशवरायपाटन कस्बे से शुरू की, जिसका अरनेठा के लोगों ने जबरदस्त स्वागत किया।

श्री गांधी के स्वागत के लिये सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग जुटे हुए थे और कई लोग अपने हाथों में तिरंगे झंडे लिए हुए थे और जैसे ही राहुल गांधी उनके नजदीक से गुजरे तो लोगों ने झंडे हिलाकर उनका स्वागत किया। भारत जोड़ो यात्रा का यह काफिला 13.8 किलोमीटर की तेजी से आगे बढ़ता हुआ दोपहर में बूंदी जिले के अरनेठा पहुंचा, जहां दोपहर का भोजन के कार्यक्रम रखा गया था।

भोजन के बाद कुछ देर विश्राम कर यात्रा दोपहर कापरेन के लिए रवाना हो गई। रास्ते भर लोगों को मिलने के लिए राहुल गांधी खुद अपने पास बुलाते देखे गए। श्री राहुल गांधी ने लोगों से संक्षेप में बातें की। इसके पहले श्री राहुल गांधी सुबह सवाई माधोपुर से हैलीकॉप्टर से केशवरायरायपाटन के पास गुडली फाटक के नजदीक बनाए गए अस्थाई हेलीपैड पर उतरे। उन्होंने अपनी यात्रा की शुरुआत केशवरायपाटन कस्बे से की, जिससे गुडली गांव के लोगों को खूब निराश किया। क्योंकि यह तय कार्यक्रम था कि श्री गांधी सुबह गुडली से ही यात्रा की शुरुआत करेंगे।

यात्रा को लेकर यहां के लोगों में खुशी और उत्साह का माहौल चरम पर था। बड़ी संख्या में लोग गुडली फाटक पर तड़के से ही जुड़े हुए थे जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थी। लोगों में राहुल गांधी के नजदीक जाने या कम से कम नजदीक से देखने को लेकर जबरदस्त उत्साह था। लेकिन यहां से यात्रा शुरू नहीं करने से उस समय निराश हो गए जब हेलीकॉप्टर से अस्थाई हेलीपैड पर पहुंचने के बाद श्री राहुल गांधी वाहनों काफिले के साथ केशवरायपाटन चले गए। वहां से ही यात्रा की शुरुआत हुई।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष अधीर रंजन चौधरी, राजस्थान के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट केशवरायपाटन से पूर्व विधायक सीएल प्रेमी, बूंदी के पूर्व जिला प्रमुख राकेश बोयत सहित कई अन्य कांग्रेस नेता भी केशवरायपाटन से राहुल गांधी के काफिले के साथ रवाना हुए। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट और नेता प्रतिपक्ष अधीर रंजन चौधरी शुरुआत से ही राहुल गांधी के बिल्कुल नजदीक चल रहे थे।

अरनेठा की ओर बढ़ते समय श्री गांधी ने पूर्व जिला प्रमुख राकेश बोयत और पूर्व विधायक सीएल प्रेमी को अपने पास बुलाकर उनसे बूंदी जिले के हालातों के बारे में जानकारी ली। बातचीत में दोनों नेताओं ने बूंदी जिले की राजनीतिक स्थिति के बारे में उन्हें बताया। हालांकि इस बारे में विस्तार से कोई ब्योरा नहीं मिल पाया। श्री राहुल गांधी की यात्रा को देखते हुए लालसोट हाईवे पर सड़क यातायात को पूरी तरह से रोक दिया गया था, ताकि भारत जोड़ो यात्रा में किसी तरह की असुविधा नहीं हो। इस हाईवे पर चलने वाले यात्रियों को जयपुर-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग से होकर निकाला गया है।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को देखते हुए बूंदी जिले में यात्रा के मार्ग पर कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। इसके लिए करीब तीन हजार पुलिसकर्मियों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी वर्दी और सादे वस्त्रों में जुलूस के साथ भी चल रहे। हालांकि राहुल गांधी के नजदीक की सुरक्षा व्यवस्था केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों के हाथों में है। राहुल गांधी सवाई माधोपुर के रणथंम्भोर नेशनल पार्क में श्रीमती सोनिया गांधी का जन्मदिन मनाकर लौटे हैं।