दूसरे दिन भी झूमा बाजार, सेंसेक्स 1,197 अंक उछल कर 49,800 पर बंद

0
558

मुंबई। शेयर बाजार लगातार दूसरे दिन बढ़त के साथ बंद हुआ है। इस दौरान बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स मंगलवार को 1,197.11 अंकों की बढ़त के साथ 49,797.72 पर बंद हुआ है। सोमवार को इंडेक्स 2,314 अंक ऊपर बंद हुआ था। 2 फरवरी को कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने एक बार फिर 50,154.48 को छुआ। हालांकि, इंडेक्स ने 21 जनवरी 2021 को पहली बार 50 हजार को पार किया था। बाजार की तेजी में ऑटो और बैंकिंग शेयर सबसे आगे रहे।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर 3,054 में कारोबार कर रहा है। 1,713 शेयर बढ़त और 1,174 गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप भी बढ़कर 196.72 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जो कल 192.62 लाख करोड़ रुपए था। इसमें सबसे ज्यादा निफ्टी बैंक इंडेक्स में 3.73% की बढ़त है। इंडेक्स 34,323.50 पर कारोबार कर रहा है।

बैंकिंग सेक्टर में रिकॉर्ड बढ़त
दो दिन से बाजार की बढ़त को बैंकिंग शेयरों का सपोर्ट मिल रहा है। इस दौरान निफ्टी बैंक इंडेक्स 10% से ऊपर चढ़ चुका है। इसमें प्रमुख रूप से ICICI बैंक, HDFC बैंक, कोटक बैंक, SBI और इंडसइंड बैंक के शेयर शामिल हैं। इंडेक्स ने मंगलवार को 34,652.50 के स्तर को छुआ, जो ऑलटाइम हाई है।

बैंकिंग शेयरों में तेजी प्रमुख वजह-

  • सोमवार को बजट में सरकार ने बुरे फंसे कर्ज (NPA) से निपटने के लिए बैड बैंक की घोषणा की है। इसके तहत सभी NPA एक जगह लाए जाएंगे। क्योंकि इससे NPA रिजॉल्यूशन में आसानी होगी।
  • बजट में IDBI और जनरल इंश्योरेंस कंपनी के अलावा दो सरकारी बैंकों को प्राइवेट करने का प्रस्ताव पेश किया गया। हालांकि, इस पर ज्यादा जानकारी नहीं दी गई।
  • सरकारी बैंकों के कैपिटलाइजेशन में मदद के लिए वित्त वर्ष 2021-22 में 200 अरब रुपए का रीकैपिटलाइजेशन का ऐलान किया गया। इससे सरकारी बैंकों के शेयरों में तेजी है।

बैंकिंग सेक्टर के चुनिंदा शेयरों पर ब्रोकरेज कंपनियां खरीदारी की सलाह दे रही हैं। इसमें मोतीलाल ओसवाल, जेएम फाइनेंशियल और ICICI डॉयरेक्ट शामिल हैं, जिन्होंने SBI, एक्सिस बैंक, ICICI बैंक और HDFC बैंक पर खरीदारी की सलाह दी है।

बाजार में बढ़त की प्रमुख वजह-

  • 2021-22 बजट : ज्यादातर मार्केट एनलिस्ट मान रहे हैं कि ओवरऑल बजट शेयर बाजार के लिए पॉजिटिव है। क्योंकि, इसमें नया टैक्स नहीं लगाया है। साथ ही कोरोना सेस की बात भी नहीं हुई, जिससे बाजार लगातार 6 कारोबारी दिन से फिसल रहा था।
  • वैश्विक बाजारों में बढ़त : घरेलू बाजार को वैश्विक बाजारों में बढ़त का भी सपोर्ट मिला। इसमें चीन, जापान, कोरिया सहित यूरोपियन और अमेरिकी शेयर बाजार शामिल है। इसके अलावा अमेरिका में नए कोरोना राहत पैकेज के पॉजिटिव अपडेट का भी असर पड़ा है।
  • मजबूत घरेलू संकेत : बाजार के दिग्गज शेयर अच्छी बढ़त के साथ कारोबार किया। इसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज, HDFC बैंक, HDFC, SBI, मारुति, भारती एयरटेल और कोटक महिंद्रा के शेयर शामिल हैं।

ऑटो शेयरों में शानदार तेजी
सरकार ने बजट 2021-22 में पुराने वाहनों को सड़कों से हटाने के लिए ‘स्क्रैप पॉलिसी’ लाने की घोषणा की है। इसके चलते ऑटो शेयरों में लगातार बढ़त है। निफ्टी ऑटो इंडेक्स में 3.86% की बढ़त है। इसमें टाटा मोटर्स का शेयर सबसे ज्यादा 14% की बढ़त है। इसके अलावा अशोक लेलैंड और TVS मोटर के शेयरों में भी 7-7% की बढ़त है।

इंडिगो पेंट्स का शेयर 75% प्रीमियम पर लिस्ट
बजट के चलते शेयर बाजार में पॉजिटिव सेंटिमेंट बना हुआ है। इसी कारण 2021 की दूसरी लिस्टिंग शानदार रही। इंडिगो पेंट्स का शेयर BSE पर 2,607.50 रुपए पर लिस्ट हुआ है। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर भी शेयर 75% के प्रीमियम पर 2,607.50 रुपए के भाव पर लिस्ट हुआ है। इसका इश्यू प्राइस 1,490 रुपए था। यानी निवेशकों को प्रति शेयर 1,117 रुपए का फायदा हुआ।