बिकवाली से सेंसेक्स 333 अंक लुढ़ककर 51941 और निफ्टी 15635 पर बंद

0
543

मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में आज चौतरफा बिकवाली हुई। बीएसई का बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 333 पॉइंट यानी 0.64% की गिरावट के साथ 51,941 पॉइंट पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान इसमें 730 पॉइंट का उतार-चढ़ाव आया।

एनएसई का निफ्टी 104 पॉइंट यानी 0.67% फिसलकर 15,635 पॉइंट पर रहा। यह कारोबार के दौरान 15,800 पॉइंट के लाइफ टाइम हाई पर गया था। छोटे और मझोले शेयरों में भी जोरदार बिकवाली हुई। निफ्टी का मिड कैप इंडेक्स 0.72% फिसल गया जबकि स्मॉल कैप में 1.35% की गिरावट आई।

शेयर बाजार को किसी सेक्टर से सपोर्ट नहीं मिला। निफ्टी के सेक्टर इंडेक्स में 2.10% से 0.23% तक की गिरावट आई। सबसे ज्यादा 2.10% की गिरावट मीडिया में आई। रियल्टी (1.66%), सरकारी बैंकों (1.43%) और ऑटोमोबाइल (1.28%) कंपनियों के शेयर इंडेक्स में भी भारी बिकवाली हुई।

हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन बाजार की शुरुआत मजबूत रही। सेंसेक्स 126 अंक और निफ्टी 26 पॉइंट ऊपर खुला। निफ्टी 15,800 पॉइंट के नए लाइफ टाइम हाई पर पहुंच गया। लेकिन, ऊंचे लेवल पर हुई मुनाफावसूली के चलते तेजी कायम नहीं रह पाई। कारोबार के दौरान निफ्टी तेज गिरावट के साथ 15,566 पॉइंट तक गिर गया।

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के वाइस प्रेसिडेंट और डेरिवेटिव एनालिस्ट चंदन तापड़िया के मुताबिक, पिछले चार दिन में जितनी तेजी आई थी, वह आज आई गिरावट की भेंट चढ़ गई। इससे शेयर बाजार में मंदी का रुझान बना है।

निफ्टी 15,600 पॉइंट का लेवल पार करके उसके ऊपर बना रहता है तो 15,750 पॉइंट की तरफ बढ़ता नजर आएगा। इस लेवल को लेवल पार करने के बाद निफ्टी आज बने ऑल टाइम हाई 15,800 पॉइंट की तरफ बढ़ेगा।

बिकवाली जारी रहने पर निफ्टी को पहले 15,550 पॉइंट पर सपोर्ट मिलेगा। इस लेवल से नीचे आने पर निफ्टी 15,400 पॉइंट की तरफ बढ़ता नजर आ सकता है। वायदा बाजार के सौदे निफ्टी के इस हफ्ते 15450 से 15800 पॉइंट के दायरे में रहने का संकेत दे रहे हैं।

बाजार में उतार-चढ़ाव को लेकर ट्रेडर्स की क्या राय है? यह अनुमान देने वाले वोलैटिलिटी इंडेक्स यानी इंडिया VIX में 3.07% की गिरावट आई। यह फरवरी 2020 के बाद पिछले 17 महीने में सबसे निचले लेवल पर है। वोलैटिलिटी इंडेक्स में आ रही गिरावट खरीदारी को बढ़ावा देती रह सकती है।

आज टाटा पावर, REC, PFC, पावर ग्रिड, NTPC, टाइटन, एशियन पेंट, अपोलो हॉस्पिटल और HCL टेक के शेयरों में खरीदारी निकली। पेट्रोनेट एलएनजी, नालको, चोलामंडलम इनवेस्टमेंट एंड फाइनेंस, वोल्टास, गेल, M&M फाइनेंशियल सर्विसेज, फेडरल बैंक, PNB, सन टीवी नेटवर्क, हैवेल्स और SBI के शेयरों में बिकवाली हुई।

टॉप 5 गेनर्स एंड लूजर्स:आज के टॉप 5 गेनर्स में पॉलिप्लेक्स (9.91%), रेस्पॉन्सिव इंडस्ट्रीज (9.02%), क्रिसिल (8.94%), टाटा पावर (6.49%) और REC (6.01%) शामिल रहे। इनमें रेस्पॉन्सिव को छोड़कर बाकी चार शेयर आज 52 हाई पर भी गए। टॉप 5 लूजर्स में पेट्रोनेट एलएनजी, फिनोलेक्स केबल्स, इंडियन ओवरसीज बैंक, जस्ट डायल और सेंट्रल बैंक शामिल रहे।

52 वीक हाई:इन कंपनियों के शेयर 52 वीक हाई पर गए: TCI एक्सप्रेस, क्रिसिल, पॉलिप्लेक्स, JK पेपर, बिड़लासॉफ्ट, सुदर्शन केमिकल, वेल्स्पन कॉर्प, आरती इंडस्ट्रीज, FSL और सुंदरम फास्टनर्स।