निवेशकों के समर्थन से सेंसेक्स 257 अंक उछल कर 50 हजार पार

0
662

मुंबई। शेयर बाजार में लगातार चार दिनों की गिरावट के बाद गुरुवार को निवेशकों के समर्थन से मजबूत बढ़त है। BSE सेंसेक्स 257 अंकों की बढ़त के साथ 50,059.19 पर कारोबार कर रहा है। इंडेक्स में शामिल 30 में से 22 शेयरों में बढ़त है। बजाज फाइनेंस के शेयर में सबसे ज्यादा 2% की बढ़त है। निफ्टी भी 65 अंक ऊपर 14,786.80 पर कारोबार कर रहा है। BSE सेंसेक्स सुबह 09:15 बजे 359 अंकों की बढ़त के साथ 50,161.25 पर और निफ्टी 134 अंक ऊपर 14,855.50 पर खुला।

एक्सचेंज पर 53% शेयरों में बढ़त
निवेशक बाजार में मेटल, ऑटो और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में खरीदारी कर रहे हैं। नतीजतन, एक्सचेंज पर तीनों इंडेक्स में 1.41% तक की बढ़त है। वहीं, BSE पर 2,581 शेयरों में कारोबार हो रहा है। 1,382 शेयरों में बढ़त और 1,076 में गिरावट है। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 204.20 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जो कल 203.71 लाख करोड़ रुपए रहा था।

दुनियाभर के शेयर बाजारों में उतार-चढ़ाव
अमेरिका में फेड रिजर्व ने कहा कि देश की आर्थिक ग्रोथ करीब 40 सालों में सबसे मजबूत है। इसीलिए ब्याज दरों को स्थाई रखा गया है, जिससे दुनियाभर के बाजारों में बढ़त है। जापान का निक्केई इंडेक्स 1.05% ऊपर 30,227 पर कारोबार कर रहा है। हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग इंडेक्स में भी 1.51% की बढ़त है। इसी तरह चीन के शंघाई कंपोजिट और कोरिया के कोस्पी इंडेक्स में भी खरीदारी है। दूसरी और ऑस्ट्रेलिया के ऑल ऑर्डनरीज 0.59% नीचे 7,006 अंकों पर बंद हुआ है।

बुधवार को रही थी बिकवाली
17 मार्च को शेयर बाजार में भारी बिकवाली दर्ज की गई थी। BSE सेंसेक्स 562 अंकों की गिरावट के साथ 49,801.62 पर और निफ्टी भी 189 पॉइंट नीचे 14,721.30 पर बंद हुए। NSE के प्रोविजनल डेटा के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 2,625.82 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 562.15 करोड़ रुपए के शेयर बेचे थे।