मुनाफावसूली से सेंसेक्स 379 अंक टूटकर 51324, निफ्टी 15119 पर बंद

0
555

मुंबई। दुनियाभर के शेयर बाजारों में गिरावट के चलते घरेलू बाजार में लगातार तीसरे दिन बिकवाली हुई। मुनाफावसूली से BSE सेंसेक्स 379.14 अंकों की गिरावट के साथ 51,324.69 पर बंद हुआ है। शुरुआती कारोबार के दौरान इंडेक्स ने दिन के सबसे ऊंचे स्तर 51,903.96 को भी छुआ। इससे पहले बुधवार को भी इंडेक्स 400.34 अंक नीचे 51,703.83 पर बंद हुआ था।

सेंसेक्स में बजाज फाइनेंस और कोटक बैंक के शेयरों में 2-2% से ज्यादा की गिरावट रही, जबकि ONGC का शेयर 8.32% की बढ़त के साथ बंद हुआ है। इसी तरह NSE निफ्टी इंडेक्स भी कल की क्लोजिंग से 90 अंक नीचे 15,119 पर बंद हुआ है। कल निफ्टी 104.55 अंक नीचे 15,208.90 पर बंद हुआ था। ओवरऑल मार्केट में सबसे ज्यादा खरीदारी सरकारी बैंकों के शेयरों में हुई। नतीजतन, निफ्टी PSU इंडेक्स 5.60% ऊपर बंद हुआ है।

एक्सचेंज पर 52% शेयरों में बढ़त
BSE पर 3,125 शेयरों में कारोबार हुआ। इसमें 1,639 शेयरों में बढ़त और 1,328 में गिरावट रही। इंडियन ओवरसीज बैंक और सेंट्रल बैंक सहित 320 शेयरों में अपर सर्किट लगा। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप बढ़कर 205.88 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जो कल 205.60 लाख करोड़ रुपए था। NSE के प्रोविजनल डेटा के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 1,008.2 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 1,283.38 करोड़ रुपए के शेयर बेचे थे।