तेजी पर ब्रेक: मुनाफावसूली शुरू होने से सेंसेक्स 141 अंक फिसल कर 50,114 पर

0
501

मुंबई। तीन दिन से जारी बाजार की बढ़त गुरुवार को थम गई है। BSE सेंसेक्स मुनाफावसूली से 141 अंकों की गिरावट के साथ 50,114.29 पर कारोबार कर रहा है। इंडेक्स में सबसे ज्यादा गिरने वाला शेयर इंडसइंड बैंक का शेयर है। शेयर में 2.34% की गिरावट है। निफ्टी इंडेक्स भी 47 अंकों की गिरावट के साथ 14,742.20 पर कारोबार कर रहा है। सबसे ज्यादा बैंकिंग शेयरों में गिरावट है। निफ्टी बैंक इंडेक्स 1% की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। BSE सेंसेक्स सुबह 9:15 AM 43.50 अंक नीचे 50,212.25 पर और निफ्टी इंडेक्स सपाट खुला।

वैश्विक बाजारों में गिरावट
गुरुवार को वैश्विक बाजारों में गिरावट दर्ज की जा रही है। कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 1.28%, जापान का निक्केई इंडेक्स 0.55% और ऑस्ट्रेलिया का ऑल ऑर्डिनरीज इंडेक्स 0.48% नीचे कारोबार कर रहे हैं। इसी तरह हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग इंडेक्स 1.05% और चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.73% फिसल गए हैं। इससे पहले अमेरिकी बाजारों में डाओ जोंस, नैस्डैक और S&P 500 इंडेक्स सपाट बंद हुए थे। यूरोप के बाजारों में ब्रिटेन का FTSE, जर्मनी का DAX और फ्रांस का CAC इंडेक्स भी सपाट ही बंद हुए थे।

कल सेंसेक्स 50 हजार के पार बंद हुआ था
3 फरवरी को सेंसेक्स 458 अंकों की बढ़त के साथ 50,255.75 पर और निफ्टी 142 अंक ऊपर 14,789.95 पर बंद हुआ था। बाजार की बढ़त में सरकारी बैंक और फार्मा सेक्टर के शेयर सबसे आगे रहे थे। निफ्टी फार्मा इंडेक्स 2.79% और PSU इंडेक्स 2.61% ऊपर बंद हुए थे। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के प्रोविजनल डेटा के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने कल नेट 2,520.92 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे थे। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 399.74 करोड़ रुपए के शेयर बेचे थे।