बजट घोषणा से सेंसेक्स में 24 सालों की सबसे बड़ी उछाल, 2314 अंक बढ़कर बंद

0
604

मुंबई। सोमवार को संसद में मोदी कार्यकाल का 9वां बजट पेश किया गया। बजट के दिन बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 2314.84 अंकों की बढ़त के साथ 48,600.61 पर बंद हुआ है। निफ्टी इंडेक्स भी 693अंकों की बढ़त के साथ 14,328.00 पर बंद हुआ है।बाजार की तेजी में बैंकिंग शेयर सबसे आगे रहे। निफ्टी बैंक इंडेक्स 8.81% की बढ़त के साथ 33,257.00 पर बंद हुआ है। यह इंडेक्स का ऑलटाइम हाई लेवल है।

BSE पर 3,060 शेयरों मे कारोबार हो रहा है। 1,844 शेयरों में तेजी और 1,027 में गिरावट है। लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप बढ़कर 192.36 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जो शुक्रवार को 186.13 लाख करोड़ रुपए था। इससे पहले बाजार लगातार 6 सत्रों में गिरावट के साथ बंद हो रहा था।

फिक्की के अध्यक्ष उदय शंकर ने कहा कि बुरी तरह प्रभावित अर्थव्यवस्था के बावजूद सरकार ने किसी भी तरह के नए टैक्स का ऐलान नहीं किया। यह दर्शाता है कि सरकार ने बजट में सभी सेक्टर्स का ख्याल रखा है। हालांकि, बजट में नए सेस की जरूर बात कही गई है।

TIW प्राइवेट इक्विटी के चीफ इन्वेस्टमेंट ऑफिसर मोहित राल्हन ने कहा कि यह अर्थव्यवस्था में सुधार के लक्ष्य से तैयार किया गया है। इसके तहत बीमा कंपनियों में FDI 49% बढ़ाकर 74% करने की बात कही गई है। खासबात यह है कि इसमें सरकार ने किसी भी प्रकार के नए टैक्स की घोषणा नहीं किया है।

गोल्ड और सिल्वर पर एग्री इंफ्रा सेस
सरकार ने गोल्ड और सिल्वर के इंपोर्ट पर 2.5% की एग्री इंफ्रा सेस लगाने की बात कही है। इसके चलते टाइटन का शेयर 6.2%, मणप्पुरम फाइनेंस का शेयर 6.5% और मुथूट फाइनेंस का शेयर 5.3% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है।

बीमा शेयरों में शानदार तेजी
सरकार इंश्योरेंस एक्ट, 1938 में संशोधन करेगी। इसके तहत बीमा कंपनियों में FDI सीमा 49% से बढ़ाकर 74% करने का ऐलान किया गया है। इससे पहले मार्च 2016 में बीमा कंपनियों में FDI 26% से बढ़ाकर 49% किया गया था। HDFC लाइफ का शेयर 5.2%, SBI लाइफ का शेयर 3.8% और ICICI प्रुडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस का शेयर 6.1% ऊपर कारोबार कर रहा है।

गैस कंपनियों के शेयरों में तेजी
वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार सिटी गैस डिस्ट्रीब्युशन के तहत देश के 100 अन्य शहरों को जोड़ेगी। इससे इंद्रप्रस्थ गैस का शेयर 2.5% और महानगर गैस का शेयर 1.8% ऊपर कारोबार कर रहा है।

सेबी गोल्ड का भी रेगुलेटर होगा
सरकार सिक्युरिटीज मार्केट कोड लेकर आएगी। इसमें सेबी एक्ट, गवर्मेंट सिक्युरिटीज एक्ट और डिपॉजिटरीज एक्ट को शामिल किया जाएगा। सेबी सोने का भी रेगुलेटर होगा।

मजबूत घरेलू संकेत का भी असर
भारत का मैन्युफैक्चरिंग पर्चेजिंग मैनेजिंग इंडेक्स (PMI) जनवरी में तीन महीने के उच्चतम स्तर 57.7 पर पहुंच गया है, जो दिसंबर में 56.4 रहा था। यहां 50 से ऊपर रहने का अर्थ पॉजिटिव ग्रोथ से है। इसके अलावा दिसंबर में जीएसटी कलेक्शन भी रिकॉर्ड स्तर पर रहा।