बाजार में लगातार दसवें दिन तेजी, सेंसेक्स और निफ्टी रेकॉर्ड स्तर पर बंद

0
550

मुंबई। हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन शेयर बाजार क्लोजिंग के लिहाज से अबतक के सर्वोच्च स्तर पर बंद हुआ है। सेंसेक्स 260.98 अंकों की बढ़त के साथ 48,437.78 पर बंद हुआ है। इंडेक्स ने दिन के निचले स्तर से 534 अंक रिकवर किया। ओवरऑल तेजी में IT और बैंकिंग शेयर सबसे आगे रहे। इसमें एक्सिस बैंक का शेयर 6.31% ऊपर 664.30 रुपए के भाव पर बंद हुआ है। कारोबारी दिन के शुरुआती दो घंटे बाजार में गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान इंडेक्स ने दिन के निचले स्तर 47,900 को भी टच किया।

बाजार में तेजी के चलते BSE में लिस्टेड कंपनियों का टोटल मार्केट कैप रिकॉर्ड 192.87 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है। एक्सचेंज पर 3,233 कंपनियों के शेयर में कारोबार हुआ, जिसमें से 1,781 के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए हैं। यानी मंगलवार को एक्सचेंज पर 55% शेयरों में बढ़त रही।

निफ्टी भी 14,200 के लेवल पर पहुंचा
NSE पर निफ्टी इंडेक्स भी 66.60 अंक ऊपर 14,199.50 पर बंद हुआ है। इसमें एक्सिस बैंक का शेयर 6.32% ऊपर बंद हुआ है। इसके अलावा HDFC, इंडसइंड बैंक, HDFC लाइफ और विप्रो के शेयरों में तेजी दर्ज की गई। इनके शेयरों में भी 2-2% से ज्यादा की बढ़त रही।

दूसरी ओर, ONGC का शेयर 1.96% नीचे 95.05 के भाव पर बंद हुआ है। इसके अलावा बजाज फाइनेंस, टाटा स्टील, हिंडाल्को और JSW स्टील के शेयरों में 1-1% की गिरावट दर्ज की गई। सुबह सेंसेक्स 139 अंक नीचे 48,037 पर और निफ्टी 57 अंक नीचे 14,075 पर खुला था। कल सेंसेक्स 48,176 और निफ्टी 14,132 पर बंद हुए थे।

NSE पर सेक्टोरल बढ़त
ओवरऑल तेजी में IT और बैंकिंग सेक्टर के शेयर सबसे आगे रहें। इसमें IT शेयर इन्फोएज का शेयर 14.47% ऊपर 5,532 के भाव पर बंद हुआ है। L&T इन्फोटेक का शेयर भी 7.92% ऊपर बंद हुआ है। इसके अलावा बैंकिंग सेक्टर में एक्सिस बैंक का शेयर टॉप गेनर रहा। RBL बैंक का शेयर भी 4% ऊपर बंद हुआ है। निवेशकों ने आज मेटल शेयरों की जमकर बिक्री की, जिसके चलते निफ्टी मेटल इंडेक्स 1.41% नीचे बंद हुआ। इसमें सरकारी कंपनी सेल का शेयर 2.14% नीचे बंद हुआ है, जबकि हिंदुस्तान जिंक का शेयर 4.94% ऊपर बंद हुआ है।

बाजार में तेजी की बड़ी वजह

  • दिसंबर तिमाही में बेहतर कॉर्पोरेट नतीजों की उम्मीद
  • कोरोना वैक्सीन को लेकर देश और विदेश में लगातार पॉजिटिव अपडेट
  • बाजार में TCS, HUL, HDFC सहित अन्य प्रमुख के शेयरों में तेजी रही

एशियाई बाजारों में हल्की बढ़त
आज एशियाई बाजारों में हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग इंडेक्स 82 अंकों की बढ़त के साथ 27,555 पर बंद हुआ है। इसके अलावा चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स भी 25 अंक ऊपर 3,528 पर बंद हुआ है। दूसरी ओर जापान का निक्केई इंडेक्स 112 अंक नीचे 27,146 पर बंद हुआ।