कोरोना के नए स्ट्रेन से बाजार में कोहराम, सेंसेक्स 2000 अंकों से भी अधिक टूटा

0
523

मुंबई। यूके में सोमवार को कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन मिलने की खबर के चलते शेयर बाजार सहम गया और लोगों ने अपने पैसे निकालने शुरू कर दिए। BSE सेंसेक्स दोपहर में 2037.61 अंकों की गिरावट के साथ दिन के निचले स्तर 44,923.08 अंक पर पहुंच गया था। हालांकि अंत में इंडेक्स 1,406 अंक नीचे 45,553.96 पर बंद हुआ। इससे पहले 4 मई को सेंसेक्स 2002 अंक टूटकर 31,715 पर बंद हुआ था। आज BSE का टोटल मार्केट 178.46 लाख करोड़ रुपए रहा, जो शुक्रवार को 185.36 लाख करोड़ रुपए था। यानी आज टोटल मार्केट 6.78 लाख करोड़ रुपए घटा।

BSE में कुल 3,192 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इसमें 2,433 कंपनियों के शेयर गिरावट और केवल 591 के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। 224 कंपनियों के शेयर आज 52 हफ्तों के उच्चतम स्तर पर और 49 कंपनियों के शेयर निम्नतम स्तर पर बंद हुए। जबकि 506 कंपनियों के शेयरों में लोअर सर्किट लगा।

बाजार की बड़ी कंपनियों का हाल
बाजार की बड़ी कंपनियों के शेयर भी भारी गिरावट के साथ बंद हुए। देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 2.88% नीचे 1934.90 पर बंद हुआ है। HDFC और HDFC बैंक 3-3%, ICICI बैंक (4.60%), SBI (6.47%), एक्सिस बैंक (5%), इंडसइंड बैंक (7.85%) और ITC (6%) नीचे बंद हुआ है। वैश्विक स्तर पर कुछ देशों में लॉकडाउन और कोरोना के मामले बढ़ने से बाजार पर बुरा असर पड़ा और निवेशक बिकवाली कर मुनाफा वसूली किए।

निफ्टी में भी भारी बिकवाली
चौतरफा बिकवाली के चलते निफ्टी 432 अंक नीचे 13,328.40 पर बंद हुआ है। NSE में निफ्टी बैंक इंडेक्स 1,258 अंक (4.10%) नीचे 29,456.45 पर बंद हुआ है। निफ्टी मेटल इंडेक्स 178 अंक (5.54%) नीचे 3,038.25 पर बंद हुआ है। निफ्टी इंडेक्स में टाटा मोटर्स और ONGC के शेयर 9-9% नीचे बंद हुए। गेल का शेयर 8%, इंडसइंड बैंक और हिंडाल्को के शेयर 7-7% नीचे बंद हुए हैं। सुबह BSE सेंसेक्स 28.51 अंक नीचे 46,932.18 पर और निफ्टी 18.65 अंक नीचे 13,741.90 पर खुला था।

आज से खुला एंटॉनी वेस्ट का IPO
एंटोनी वेस्ट हैंडलिंग सेल लिमिटेड का IPO 21 दिसंबर यानी आज से खुल गया। यह 23 दिसंबर को बंद होगा। कंपनी ने इसके लिए प्राइस बैंड 313-315 रुपए तय किए हैं। इसका फेस वैल्यू 5 रुपए है। कंपनी की योजना 300 करोड़ रुपए जुटाने की है।

बाजार पर ब्रोकरेज हाउसेस का नजरिया
ग्लोबल ब्रोकरेज हाउस CLSA ने निफ्टी के लिए 18,800 का लक्ष्य रखा है। पर इसके साथ ही यह भी कहा कि यह लक्ष्य लंबी अवधि में पूरा होगा। इसके अलावा JP मॉर्गन का मानना है कि 2021 में दिसंबर तक निफ्टी 15 हजार का स्तर छूने में कामयाब होगा। वहीं, BNP परिबास ने भी बीते दिनों जारी अपनी रिपोर्ट में कहा था कि साल 2021 में सेंसेक्स 50500 के रिकॉर्ड स्तर को छू सकता है। इसके अलावा मॉर्गन एंड स्टैनली ने भी साल 2021 के लिए सेंसेक्स के 50 हजार का आंकड़ा छूने का अनुमान जताया है।