2020 लिखने में भ्रान्ति न पालें, जानिए इसके पीछे लॉजिक

0
1050

2020 के बारे में एक मेसेज वायरल हो रहा है। मेसेज में कहा जा रहा है कि हमें 2020 को पूरा ही लिखना चाहिए। जैसे आमतौर पर हम तारीख लिखते समय साल को संक्षेप में लिखते हैं जैसे 15-12-2019 को 15-12-19 लिख देते हैं लेकिन 2020 को संक्षेप में लिखने पर इसके साथ कुछ छेड़छाड़ की संभावना बनी रहेगी।

जैसे अगर हम 31-01-2020 की जगह 31-01-20 लिखते हैं तो कोई 20 को 2000 या 20 को 2019 भी लिख सकता है यानी आपने लिखा 31-01-20 किसी ने उसको बना दिया 31-01-2019। आइए आज हम कैलेंडर, तारीख और साल से जुड़ीं कुछ रोचक बातें और ट्रिक्स जानते हैं…

सितंबर साल का नौवां, अक्टूबर 10वां, नवंबर 11वां और दिसंबर 12वां महीना है। लेकिन इसका जो मूल अर्थ है, वह कुछ और है। दरअसल septem शब्द से September बना है जिसका मतलब 7 होता है। इसी तरह octo से October बना है।

इसका मतलब आठ होता है। novem से November बना जिसका मतलब नौ और decem से दिसंबर बना जिसका मतलब 10 होता है। ऐसा इसलिए है कि पुराने रोमन कैलेंडर में सिर्फ 10 महीनों का साल होता था और उसके मुताबिक, सितंबर सातवां, अक्टूबर आठवां, नवंबर नौवां और दिसंबर 10वां महीना था। बाद में जब जुलियन कैलेंडर अपनाया गया तो उसमें दो महीने जोड़े गए थे।

वैसे तो साल के कुछ महीने में अलग-अलग तारीखें होती हैं जैसे जनवरी में 31 दिन, फरवरी में 28/29 दिन, मार्च में 31 और अप्रैल में 30। लेकिन फरवरी को छोड़कर किसी भी लगातार 5 महीने का जोड़ 153 होता है। जैसे अगस्त (31) + सितंबर (30) + अक्टूबर (31) + नवंबर (30) + दिसंबर (31)= 153

स्वीडन में जब जुलियन कैलेंडर से ग्रेगोरियन कैलेंडर में 1700 में स्विच किया था तो लीप ईयर को लेकर कुछ कन्फ्यूजन थी। फिर से 1712 में वहां जुलियन कैलेंडर को अपनाया और उस साल वहां फरवरी 30 दिन का था। स्वीडन में 1753 में पूरी तरह ग्रेगोरियन कैलेंडर को अपनाया गया था।

किसी कैलेंडर में 3×3 में लगातार नौ ब्लॉक का जोड़ आप ट्रिक्स की मदद से आसानी से निकाल सकते हैं। इसके लिए आप 9 तारीखों वाले ब्लॉक को सर्कल कर दें और बीचोबीच वाली संख्या को 9 से गुणा कर दें। उदाहरण के लिए चित्र को देखें। इसमें 9 ब्लॉक को सर्कल किया गया है।

इसके बीचोबीच में 11 है जिसको हम 9 से गुणा करते हैं तो 99 आता है। यानी इस ब्लॉक के सभी 9 संख्याओं को जोड़ने पर 99 आता है। आप इसी तरह कोई और 9 ब्लॉक चुनकर उसका जोड़ निकाल सकते हैं।

अगर 2 महीने के बीच के कुल दिनों को 7 से पूरा-पूरा भाग लग जाता है यानी 7 से भाग देने पर कोई शेष नहीं बचता है तो दोनों महीने का कैलेंडर एक जैसा होगा। इसका मतलब यह हुआ कि अगर एक मार्च के महीने में 1 तारीख सोमवार को थी तो नवंबर में भी 1 तारीख सोमवार को ही पड़ेगी।