अयोध्या में रामलला का सूर्यतिलक…यहां रामसेतु के दर्शन, मोदी ने किया वीडियो पोस्ट

0
7

कोलंबो। तीन दिवसीय यात्रा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को वतन लौटे। श्रीलंका से लौटते वक्त पीएम मोदी ने रामसेतु का वीडियो भी अपने सोशल मीडिया पर अपलोड किया। पीएम ने लिखा कि आज रामनवमी के पावन अवसर पर श्रीलंका से वापस आते समय आकाश से रामसेतु के दिव्य दर्शन हुए।

उन्होंने आगे लिखा कि ईश्वरीय संयोग से मैं जिस समय रामसेतु के दर्शन कर रहा था, उसी समय मुझे अयोध्या में रामलला के सूर्य तिलक के दर्शन का भी सौभाग्य मिला। मेरी प्रार्थना है, हम सभी पर प्रभु श्रीराम की कृपा बनी रहे।

अपनी यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के साथ कई अहम बैठक की। इस दौरान दोनों देशों ने रक्षा समेत कुल 7 समझौतों पर सहमति जताई। दोनों देश ऊर्जा और डिजिटलीकरण के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाएंगे।

पीएम मोदी ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि मेरी यात्रा के दौरान गर्मजोशी दिखाने पर श्रीलंका के राष्ट्रपति दिसानायके, वहां के लोगों और सरकार का बहुत आभारी हूं। चाहे वह कोलंबो हो या अनुराधापुरा… इस यात्रा ने हमारे दोनों देशों के बीच गहरे सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सभ्यतागत संबंधों की पुष्टि की है। यह निश्चित रूप से हमारे द्विपक्षीय संबंधों को गति देगा।

थाईलैंड में बिम्सटेक की बैठक में हिस्सा लेने के बाद पीएम मोदी श्रीलंका की राजधानी कोलंबो पहुंचे थे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर लिखा कि श्रीलंका की एक बहुत ही उपयोगी राजकीय यात्रा समाप्त हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के लिए रवाना हुए।

अपनी यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों की सुरक्षा एक-दूसरे से जुड़ी है। हम एक-दूसरे पर निर्भर हैं। नई दिल्ली हमेशा श्रीलंका के लोगों के साथ खड़ी रहेगी। इस पर श्रीलंका के राष्ट्रपति दिसानायके ने कहा कि श्रीलंका अपने भू-भाग का इस्तेमाल किसी भी तरह से भारत के खिलाफ नहीं होने देगा।