श्रीराम नवमी पर आज मथुराधीश मंदिर पर होंगे पंचामृत दर्शन, ये रहेगा दर्शनों का समय

0
5

कोटा। Panchamrit Darshan: श्रीराम नवमी पर शुद्धाद्वैत प्रथम पीठ श्री बड़े मथुराधीश मंदिर पाटनपोल पर शालिगराम जी के पंचामृत दर्शन होंगे। प्रथम पीठ युवराज श्रीमिलन बावा ने बताया कि पुष्टिमार्ग में भगवान विष्णु के सभी दस अवतारों में से चार अवतारों श्रीकृष्ण, श्रीराम, श्रीनृसिंह एवं श्रीवामन को विशेष मान्यता दी है।

इस कारण इन चारों अवतारों के जन्म दिवस को पुष्टिमार्ग में जयंती के रूप में मनाया जाता है। श्री महाप्रभुजी के अनुसार भगवान विष्णु के दस अवतारों में ये चारों अवतार प्रभु ने निसाधन भक्तों पर कृपा के लिए लिए थे। इनकी लीला को पुष्टिलीला माना गया है।

प्रबंधक मोनू व्यास ने बताया कि श्री रामनवमी पर रविवार को मंगला के दर्शन प्रातः 6:30 से 7:15 तक होंगे। जबकि ग्वालभोग के दर्शन नहीं होंगे। इसके बाद मध्याह्न 12 बजे दर्शन होंगे। उत्सव के दर्शन 12:30 बजे से शुरू होंगे। इस दौरान शालिगराम जी के पंचामृत दर्शन होंगे। उन्होंने बताया कि उद्यापन 4 बजे और भोग आरती के दर्शन शामिल होंगे।