कोटा। एडटेक स्टार्टअप फिजिक्स वाला ₹200-230 करोड़ ($22-26 मिलियन) का फंड जुटाने के लिए तैयार है। यह फंड मौजूदा निवेशक वेस्टब्रिज कैपिटल के नेतृत्व में सेकेंडरी फंडिंग राउंड के जरिए आएगा। इस डील से कंपनी की वैल्यू 3.7 अरब डॉलर आंकी गई है। छह महीने पहले कंपनी का मूल्य 2.8 अरब डॉलर था।
बता दें सेकेंडरी फंडिंग राउंड में निवेशकों/कर्मचारियों द्वारा मौजूदा स्टॉक को नए या मौजूदा निवेशकों को बेचा जाता है, वह भी फर्म द्वारा बिना नए शेयर जारी किए या नई पूंजी जुटाए। लाइव मिंट के दो सूत्रों में से एक ने कहा कि फिजिक्स वाला लगभग 1,000 कर्मचारियों को दिए गए स्टॉक ऑप्शन को वापस खरीदने की पेशकश भी कर सकता है। इस सौदे से कंपनी के बाजार मूल्य में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।
पहले फंडिंग राउंड के साथ यूनिकॉर्न का दर्जा
स्टार्ट-अप ने दो साल पहले अपने पहले फंडिंग राउंड के साथ यूनिकॉर्न का दर्जा (एक बिलियन डॉलर की कंपनी) हासिल किया। आज तक, फिजिक्स वाला ने 300 मिलियन डॉलर से अधिक की फंडिंग जुटाई है।
यह कदम सितंबर में एक सफल फंडिंग राउंड के बाद उठाया गया है, जिसमें हॉर्नबिल कैपिटल एडवाइजर्स और लाइटस्पीड वेंचर पार्टनर्स के नेतृत्व में $210 मिलियन जुटाए गए थे।
शेयर मार्केट में एंट्री करने की तैयारी
इस राउंड ने न केवल इसके वैलुएशन को दोगुना से अधिक कर दिया, बल्कि कंपनी की आईपीओ महत्वाकांक्षाओं का भी संकेत दिया। क्योंकि फिजिक्स वाला इस साल के अंत में शेयर मार्केट में एंट्री करने की तैयारी में है। वह लिस्टिंग की तैयारी कर रहा है और अगले महीने अपने ड्राफ्ट पेपर दाखिल करने की संभावना है।
रेवेन्यू लगभग तीन गुना उछला
पिछले दो साल में फिजिक्स वाला ने नए बिजनेस डोमेन में प्रवेश करके और रणनीतिक अधिग्रहण करके आक्रामक रूप से ग्रोथ किया है। 31 मार्च को समाप्त वित्तीय वर्ष में कंपनी का कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू लगभग तीन गुना बढ़कर ₹2,015 करोड़ हो गया। हालांकि, तेजी से विस्तार के कारण खर्चों में वृद्धि के कारण व्यापक नुकसान भी हुआ।
पहली बार 2016 में हुआ था लॉन्च
फिजिक्स वाला को पहली बार 2016 में को-फउंडर अलख पांडे और प्रतीक माहेश्वरी द्वारा YouTube चैनल के रूप में लॉन्च किया गया था, इससे पहले 2020 में आधिकारिक तौर पर एडटेक स्टार्ट-अप बन गया।