नई दिल्ली। Stock Market Opened: शेयर मार्केट की गिरावट पर आज भी ब्रेक नहीं लग पाया। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 70 अंकों के नुकसान के साथ 77789 पर खुला। जबकि, एनएसई का 50 स्टॉक्स वाला बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी 50 ने 16 अंकों की गिरावट के साथ आज के दिन की शुरुआत 23543 के लेवल से की।
सुबह 9:28 बजे शेयर मार्केट गिरावट के ट्रैक पर बढ़ता चला जा रहा था। सेंसेक्स 257 अंक नीचे 77602 और निफ्टी 80 अंकों के नुकसान के साथ 23479 के लेवल पर आ गया है। निफ्टी टॉप लूजर्स में जेएसडब्ल्यू स्टील, टाटा स्टील, पावर ग्रिड, सिप्ला और डॉक्टर रेड्डी जैसे स्टॉक्स हैं। जबकि, टॉप गेनर्स की लिस्ट में महिंद्रा एंड महिंद्रा, बीईएल, ब्रिटानिया, आयशर मोटर्स और भारती एयरटेल हैं।
ग्लोबल मार्केट से संकेत
ग्लोबल मोर्चे पर यूरोपीय सेंट्रल बैंक (ECB) की प्रेसिडेंट क्रिस्टीन लगार्ड आज यूरोपियन इकोनॉमी की स्थिति पर संसद सत्र में भाषण देंगी। इसके अलावा अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप की तरफ से सभी स्टील और एल्यूमीनियम इंपोर्ट पर 25% नए टैरिफ लगाने की संभावित घोषणा भी बाजार पर असर डाल सकती है।
सोमवार सुबह ग्लोबल मार्केट्स पर टैरिफ की खबरों का नेगेटिव असर देखा गया। जापान का Nikkei 225 इंडेक्स 0.41% गिरा, साउथ कोरिया का Kospi 0.58% नीचे और ऑस्ट्रेलिया का ASX200 भी 0.31% गिरावट में रहा।