Tree Plantation: प्रकृति का संरक्षण करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी: आचार्य प्रज्ञासागर

0
6

पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित

कोटा। Tree Plantation: महावीर नगर विस्तार योजना स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में आचार्य प्रज्ञा सागर जी महाराज के ससंघ सानिध्य में एक विशेष प्रवचन सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण के साथ हुआ।

मंदिर अध्यक्ष सिद्धार्थ जैन हरसौरा ने बताया कि शांतिधारा, पाद पक्षालन व चित्र अनावरण का सौभाग्य रमेशचंद, नवीन कुमार, अनिल कुमार दौराया परिवार (रानपुर वाले) को प्राप्त हुआ। इस पावन अवसर को पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ जोड़ते हुए एक भव्य पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गुरु भक्तों और समाजजनों की उपस्थिति में आचार्य के सान्निध्य में 75 पौधे लगाए गए। यह विशाल पौधारोपण कार्यक्रम महाराणा प्रताप पार्क महावीर नगर विस्तार योजना में संपन्न हुआ।

प्रज्ञासागर महाराज ने इस मौके पर कहा कि जिस प्रकार माता अपने बच्चों की परवरिश करते हुए उन्हें स्नेह, छाया और सुरक्षा प्रदान करती है। ठीक उसी प्रकार एक पेड़ भी जीवनभर हमें ऑक्सीजन, फल-फूल, छाया और संरक्षण देता है। प्रकृति हमारी मां है उसका संरक्षण करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि एक करोड़ पौधे लगाने का उन्होने संकल्प ले रखा है। उसी प्रकल्प की कडी में आज महाराणा प्रताप पार्क में पौधे रोपे गए।

पौधारोपण कार्यक्रम में न केवल प्रकृति के प्रति कर्तव्यबोध व्यक्त किया गया, बल्कि माता के प्रति अटूट प्रेम और श्रद्धा का भाव भी उजागर हुआ। गुरूदेव ने कहा कि मां का ऋण कभी चुकाया नहीं जा सकता, लेकिन उनके प्रति आभार व्यक्त करने का यह एक भावनात्मक प्रयास था। जिस तरह माता हमें निःस्वार्थ प्रेम और देखभाल देती है, उसी तरह हमें भी प्रकृति रूपी मां की सेवा करनी चाहिए।

इस पहल का उद्देश्य न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना था, बल्कि समाज को यह संदेश देना था कि मां का ऋण केवल जन्म देने वाली माता तक सीमित नहीं है, बल्कि धरती मां, प्रकृति और हमारी संस्कृति के प्रति भी हमारा उत्तरदायित्व है।