Mustard: क्रशिंग मिलों को मांग से सरसों की कीमतों में भारी उछाल

0
21

नई दिल्ली। Mustard Price: थोक मंडियों में सीमित आवक होने तथा तेल मिलों की मांग मजबूत रहने से 6-12 सितम्बर वाले सप्ताह के दौरान सरसों के दाम में 200 से 450 रुपए प्रति क्विंटल तक की जोरदार बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।

42 प्रतिशत कंडीशन वाली सरसों का भाव दिल्ली में 150 रुपए बढ़कर 6400 रुपए प्रति क्विंटल तथा जयपुर में 325 रुपए उछलकर 6750/6775 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। गुजरात, हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान एवं उत्तर प्रदेश में भी सरसों का भाव तेज रहा।

राजस्थान:राजस्थान के भरतपुर में यह 405 रुपए की जोरदार वृद्धि के साथ 6465 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा। खैरथल, नेवाई एवं टोंक में 425 रुपए तथा नागौर में 400 रुपए प्रति क्विंटल का इजाफा दर्ज किया गया। केवल बूंदी मंडी में सरसों का भाव 450 रुपए लुढ़ककर 5800 रुपए प्रति क्विंटल पर अटक गया। सभी राज्यों की प्रमुख मंडियों में सरसों का दाम बढ़कर न्यूनतम समर्थन मूल्य से काफी ऊपर पहुंच गया है।

सरसों तेल: सरसों के दाम में भारी उछाल आने से सरसों तेल की कीमतों में भी जोरदार बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। दिल्ली में एक्सपेलर का दाम 80 रुपए बढ़कर 1320 रुपए प्रति 10 किलो हो गया। मध्य प्रदेश के मुरैना में 120 रुपए की तेजी रही और उत्तर प्रदेश के हापुड़ में भी भाव 100 रुपए बढ़ गया। आगरा में दाम 120 रुपए उछला जबकि देश के अन्य केन्द्रों में इसमें 70-80 रुपए प्रति 10 किलो की बढ़ोत्तरी दर्ज हुई। सरसों के ऊंचे दाम से किसानों को काफी राहत मिल रही है।

आवक: प्रमुख उत्पादक राज्यों की मंडियों में 6 सितम्बर को 3.25 लाख बोरी, 7 सितम्बर को 2.50 लाख बोरी, 2-10 सितम्बर को 3-3 लाख बोरी तथा 11-12 सितम्बर को 2.65-2.65 लाख बोरी सरसों की आवक हुई जबकि इसकी प्रत्येक बोरी 50 किलो की होती है। सरसों खल के दाम में भी 30 से 60 रुपए तक का इजाफा दर्ज किया गया। सरसों तेल की मांग एवं खपत तेजी से बढ़ रही है जिससे सरसों की खरीद में तेल मिलों की भारी दिलचस्पी बनी हुई है।